Coronavirus 3 Myths: कोरोना वायरस से जुड़े सबसे आम 3 मिथक, इनसे दूर रहना भी है ज़रूरी
Coronavirus 3 Myths वायरस के संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए पूरी दुनिया में लॉकडाउन की स्थिति है। ऐसी स्थिति में हर कोई स्वस्थ रहना चाहता है।
नई दिल्ली, लाइफस्टाइल डेस्क। Coronavirus 3 Myths: पूरी दुनिया कोरोना वायरस महामारी से जूझ रही है। इस वायरस ने अब तक भयंकर तबाही मचाई है। विकसित देशों में इसका कहर सबसे अधिक रहा है। इस वायरस के संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए पूरी दुनिया में लॉकडाउन की स्थिति है। ऐसी स्थिति में हर कोई स्वस्थ रहना चाहता है। इसके लिए वे हैंड सैनिटाइज़र का खूब इस्तेमाल करते हैं, विटामिन-सी युक्त फल एवं सब्जियों का खूब सेवन करते हैं, अपने चेहरे पर हमेशा मास्क लगाए रहते हैं। सभी लोग नाना प्रकार की सावधानियां बरत रहे हैं लेकिन क्या इतनी सावधांनियां वाकई में जरूरी है, क्या ये काम करता है? आइए इस बारे में जानते हैं।
फेस मास्क कीटाणुओं और जीवाणुओं को रोकने में कारगर होता है
तथ्य: फेस मास्क वातावरण में मौजूद कीटाणुओं और जीवाणुओं, ज़ुकाम सहित कई अन्य संक्रमित बीमारियों के संक्रमण को रोकने में कितना कारगर है? इस विषय पर कई रिसर्च हो चुकी हैं। इसके बाबजूद यह आज भी चर्चा का विषय है कि क्या फेस मास्क वाकई में स्वस्थ व्यक्ति को संक्रमित बीमारियों से बचाने में लाभकारी है।
असल में, रोग नियंत्रण एवं निवारण केंद्र स्वस्थ भी व्यक्ति को सांस संबंधी बीमारियों को रोकने के लिए मास्क पहनने की सलाह नहीं देता है। अगर आप खुद को कोरोना वायरस से सुरक्षित रखना चाहते हैं तो अपने हाथों को हर थोड़ी देर में हैंड वाश से धोएं। इसके साथ ही इस बात का विशेष ध्यान रखें कि जब कभी आप खांसते या छींकते हैं तो अपने मुंह को ज़रूर ढककर रखें। खांसने या छींकने के बाद अपने चेहरे, नाक, कान और मुंह को न छुएं।
दस्ताने पहनने से आप जीवाणुओं से दूर रह सकते हैं
तथ्य: शल्य चिकित्सा संबंधी दस्ताने जीवाणुओं को दूर करने का सबसे अच्छा तरीका नहीं है। दस्ताने आपकी स्किन की तरह होते हैं जिस पर किसी भी संक्रमित सतह से जीवाणु चिपक जाते हैं। अगर आप दस्ताने से अपने चेहरे को छूते हैं तो इससे आप उसी तरह संक्रमित हो सकते हैं जिस तरह आप अपने गंदे हाथों से चेहरे को छूने पर होते हैं।
संक्रमण से बचने के लिए ज़रूरी है कि आप नियमित अंतराल पर अपने दस्तानों को बदलें या साफ़ ज़रूर करें। वहीं, अगर आप कोरोना वायरस से संक्रमित किसी व्यक्ति का ध्यान रख रहे हैं तो आप दस्ताने ज़रूर पहनें। खासकर तब जब संक्रमित व्यक्ति के रक्त या खांसी की जांच कर रहे हैं। इसके साथ ही जब आप टेबलटॉप्स, बाथरूम्स, फ़ोन्स, लॉन्ड्री आदि चीज़ों को छूते हैं तो अपने हाथों को हैंड वॉश से ज़रूर धोएं। दस्ताने वाले हाथों से आंखें, नाक, कान और मुंह को स्पर्श न करें। शल्य चिकित्सा संबंधी दस्तानों को केवल एक बार इस्तेमाल करें। इसके उपयोग के बाद तुरंत इसे नष्ट कर दें या डस्टबिन में डाल दें। फिर अपने हाथों को कम से कम 20 सेकंड के लिए ज़रूर धोएं।
विटामिन-सी युक्त चीज़ों के सेवन से जल्द आराम मिलता है
तथ्य: आपने कई बार सुना और पढ़ा होगा कि अगर आपको ज़ुकाम है तो संतरे के जूस का एक बड़ा गिलास पी लें, इससे आपको कोल्ड से जल्द मुक्ति मिल सकती है। ये बात बिल्कुल सही है कि विटामिन इम्यूनिटी के लिए बेहद ज़रूरी होता है, लेकिन राष्ट्रीय स्वास्थ्य संस्थान के अनुसार, अगर आप रोज़ाना विटामिन-सी का सेवन करेंगे तब भी आपका ज़ुकाम जल्दी ठीक होने के आसार सिर्फ 8 प्रतिशत हैं। साथ ही, अगर आप बीमार पड़ने के बाद विटामिन-सी का सेवन शुरू करते हैं, तो ये आपको जल्दी ठीक करने में मददगार साबित नहीं होगा।