High Blood Sugar: हाई ब्लड शुगर के इन 8 संकेतों को कभी न करें नजरअंदाज!
High Blood Sugar शरीर में ब्लड शुगर का स्तर बढ़ना अच्छा संकेत नहीं है। इसका मतलब यह होता है कि आप डायबिटीज की चपेट में किसी भी वक्त आ सकते हैं। इसलिए इसके लक्षणों के बारे में जानना बेहद जरूरी है।
नई दिल्ली, लाइफस्टाइल डेस्क। High Blood Sugar: शरीर में अगर ब्लड शुगर का स्तर बढ़ता है, तो डायबिटीज का खतरा भी बढ़ जाता है। यानी डायबिटीज रोग हाई ब्लड शुगर के कारण ही होता है। यह आमतौर पर तब होता है, जब आपके शरीर में इन्सुलिन का स्तर कम होता है। इस रोग का कोई इलाज नहीं, सिर्फ लाइफस्टाइल में बदलाव की मदद से इसे कंट्रोल किया जा सकता है। इसलिए जरूरी है कि इसके शुरुआती लक्षणों के बारे में जानकारी हो।
तो आइए जानें ब्लड शुगर के बढ़ने के संकेतों के बारे में जिन्हें नजरअंदाज करने की गलती कभी न करें।
ज्यादा पेशाब आना
जब रक्त में शूगर की मात्रा बढ़ जाती है, तो किडनी इसे ज्यादा से ज्यादा शरीर से निकालने पर लग जाती हैं, जिससे पेशाब के रूप में पानी भी निकलता है।
ज्यादा प्यास लगना
बार-बार पेशाब आने से आपके शरीर में पानी की कमी होने लगती है, जिससे आपको प्यास भी ज्यादा लगती है। जिससे ज्यादा पेशाब और ज्यादा पानी पीने का चक्र चलता रहता है।
सिर दर्द
जरूरत से ज्यादा पेशाब की वजह से डिहाइड्रेशन होता है, जिससे सिर दर्द भी शुरू हो सकता है।
थकावट
कार्ब्स से भरपूर खाना खाने के बाद रोज थकावट महसूस करना भी ब्लड शुगर स्तर के बढ़ने का संकेत हो सकता है।
डेंटल समस्याएं
खून के अलावा हमारी थूक में अतिरिक्त चीनी या ग्लूकोज भी मौजूद होता है। यह मुंह में नुकसान करने वाले बैक्टीरिया को बढ़ने में मदद करता है, जिससे प्लाक भी बनता है।
बार-बार इन्फेक्शन होना
लगातार ब्लड शुगर का स्तर हाई रहने से शरीर का इम्यून सिस्टम कमजोर हो जाता है। जिससे किसी भी तरह के इन्फेक्शन से लड़ना भी मुश्किल हो जाता है।
चोट या जख्म का धीरे भरना
हाई ब्लड शुगर का स्तर रक्त प्रवाह को नुकसान पहुंचाता है और साथ ही हमारे शरीर की खुद को ठीक करने की शक्ति भी कमजोर होती है।
नजर का कमजोर होना
अतिरिक्त चीनी और थोड़ा पानी हमारी आंखों के लेन्स में फंस सकता है, जिससे कुछ समय के लिए नजर कमजोर लगती है।
Disclaimer: लेख में उल्लिखित सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य सूचना के उद्देश्य के लिए हैं और इन्हें पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जाना चाहिए। कोई भी सवाल या परेशानी हो तो हमेशा अपने डॉक्टर से सलाह लें।
Picture Courtesy: Freepik/Pexel