वर्कआउट के पहले और बाद में इन बातों का रखेंगे ध्यान तो बने रहेंगे लंबे समय तक हेल्दी
एक्ससाइज करने से शरीर को फायदा तो पहुंचता है लेकिन एक्सरसाइज से पहले कुछ खाना चाहिए या नहीं कितना आराम करना चाहिए। इन सब बातों को लेकर अब आप भी हैं अंजान तो एक नजर डालें यहां।
बढ़ते मोटापे को कम करने और लंबे समय तक हेल्दी बने रहने के लिए हम एक्सरसाइज़ की शुरूआत तो कर देते हैं लेकिन तय समय में असर नज़र न आने पर इतनी मेहनत करना बेकार सा लगने लगता है जबकि ये पूरी तरह से गलत है। एक्सरसाइज़ का पूरा फायदा तभी मिलेगा जब आपको इसकी सही जानकारी होगी कि ऑफ्टर जिम या योगा के बाद कैसी डाइट लेनी है, कितना आराम करना है और भी दूसरी चीज़ें। तो आइए जानते हैं कुछ ऐसे ही सवालों के जवाब, जिनसे ज्यादातर लोग रहते हैं अंजान।
1. मिथ: एक्सरसाइज करने के बाद हम जो चाहे खा सकते हैं।
फैक्ट: सच तो ये है कि एक्सरसाइज के साथ ही खानपान पर नियंत्रण रखना बेहद जरूरी है। तभी वजन पर नियंत्रण रखना मुमकिन होगा। हेल्थ एक्सपर्ट्स के मुताबिक जब हम एक्सरसाइज करके जितनी कैलोरीज बर्न करते हैं, उससे कम का इनटेक करते हैं, तब वजन घटाना संभव हो पाता है। अगर हमने एक्सरसाइज के जरिए जितनी कैलोरीज बर्न की, उसकी तुलना में मिठाई या खूब घी-तेल वाले व्यंजनों के सेवन से कहीं अधिक कैलोरीज प्राप्त कर लीं तो वजन घटाना संभव नहीं होगा। इसलिए वजन घटाने का लक्ष्य हासिल करने के लिए एक्सरसाइज के साथ ही कम घी-तेल वाला आहार, फलों और सब्जियों का सेवन उपयुक्त रहता है। फलों में नेचुरल शुगर होती है, इसलिए ऐसे फलों का सेवन करना चाहिए जिनमें कम कैलोरीज हों।
2. मिथ: जितनी ज्यादा एक्सरसाइज उतनी बेहतर होगी फिटनेस।
फैक्ट: यह भ्रामक धारणा है। हेल्थ एक्सपर्ट्स के मुताबिक सामान्य व्यक्ति के लिए हफ्ते में पांच दिन आधा घंटा किसी भी प्रकार की एक्सरसाइज करना फायदेमंद है। इससे न सिर्फ वजन पर नियंत्रण रखने में मदद मिलती है, बल्कि संपूर्ण स्वास्थ्य बेहतर होता है। साथ ही शरीर में ऊर्जा का संचार होता है। आल्टरनेट दिनों में अलग-अलग एक्ससाइज करने से शरीर को फायदा पहुंचता है। इससे सभी मांसपेशियों की कसरत हो जाती है। यहां एथलीट्स को अपवाद की श्रेणी में रखना चाहिए। हेल्थ एक्सपर्ट्स के मुताबिक सामान्य व्यक्ति के लिए रोजाना डेढ़ घंटा या उससे अधिक एक्सरसाइज शारीरिक रूप से तकलीफ का सबब बन सकती है। इससे मांसपेशियों को नुकसान पहुंचता है। यदि आप फिटनेस से जुड़ा कोई विशेष लक्ष्य लेकर चल रही हैं तो उसके मुताबिक अपेक्षाकृत अवधि तक कोई खास एक्सरसाइज की जरूरत होगी।
3. मिथ: खाली पेट एक्सरसाइज करना लाभकारी होता है। इससे फैट बर्न करने में मदद मिलती है।
फैक्ट: कुछ लोगों को लगता है कि सुबह खाली पेट वर्कआउट करने से अधिक तेजी से वजन घटाने में मदद मिलती है जबकि अभी तक इस बात को वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित नहीं किया जा सका है। वास्तव में खाली पेट वर्कआउट करने से हमें बेहद थकान महसूस होती है। दरअसल हमारे शरीर को मांसपेशियां बनाने और कैलोरीज बर्न करने के लिए भी ईंधन की आवश्यकता होती है। इसलिए वर्कआउट करने से करीब एक घंटा पहले कुछ हल्का नाश्ता करना फायदेमंद रहता है।
4. मिथ: एक्सरसाइज के दो घंटे बाद तक कुछ नहीं खाना चाहिए, अन्यथा उसका फायदा नहीं मिलता।
फैक्ट: ऐसा सोचना गलत है। इस सोच के पीछे तर्क है कि एक्सरसाइज के जरिए हम कैलोरीज बर्न करते हैं और जब हम उसके तुरंत बाद कुछ खा लेते हैं तो कैलोरीज बर्न करने का वह प्रयास ही निरर्थक हो जाता है। सच तो यह है कि एक्सरसाइज के बाद शरीर को पुन: ऊर्जा प्राप्त करने और मांसपेशियों की मजबूती के लिए भोजन की आवश्यकता होती है। हेल्थ एक्सपर्ट्स की सलाह के अनुसार एक्सरसाइज के आधे घंटे के भीतर कुछ हेल्दी नाश्ता अवश्य करना चाहिए। मांसपेशियों की मजबूती के लिहाज से समुचित मात्रा में प्रोटीन का सेवन फायदेमंद है।