Chikungunya Prevention: क्या चिकनगुनिया वायरस के संक्रमण को रोकना संभव है?
Chikungunya Prevention चिकनगुनिया के संक्रमण का मुख्य कारण मच्छरों का काटना है इसलिए अगर हमें इसके संक्रमण को रोकना है तो मच्छरों से बचाव बहुत ज़रूरी है।
नई दिल्ली, लाइफस्टाइल डेस्क। Chikungunya Virus: चिकनगुनिया वायरस मच्छरों द्वारा फैलाई जाने वाली बीमारियों में से एक है। ये एडीज़ नामक मच्छर के काटने से फैलता है। चिकनगुनिया देश में ही नहीं बल्कि विदेशों में भी फैल चुका है। ऐसे में देश और दुनिया में इसके संक्रमण को रोकना बेहत ज़रूरी हो चुका है। तो, आइए इस लेख में हम यही चर्चा करते हैं कि चिकनगुनिया वायरस के संक्रमण को कैसे रोका जा सकता है।
चिकनगुनिया के संक्रमण का मुख्य कारण मच्छरों का काटना है, इसलिए अगर हमें इसके संक्रमण को रोकना है, तो मच्छरों से बचाव बहुत ज़रूरी है।
मच्छरों से बचने के उपाय
मच्छरों से बचने के लिए ऐसे कपड़े पहनें जिसमें आपका शरीर अच्छे तरीके से ढका रहे। शरीर ढका रहेगा तो मच्छरों से सुरक्षा हो सकेगी और मच्छर आप पर हमला नहीं कर पाएंगे। जैसे पूरी बांह की शर्ट और टी-शर्ट पहनना, लंबी पेंट के साथ-साथ मौज़े भी पहनना, मच्छर भगाने की क्रीम का इस्तेमाल करना।
मच्छरों से रात में लड़ने के लिए मच्छरदानी का उपयोग या अगरबत्ती का उपयोग करना चाहिए। इसके अलावा घर में या घर के आसपास पानी इकट्ठा नहीं होने देना और जितना हो सके उतना साफ-सफाई का ध्यान रखना अनिवार्य है।
चिकुनगुनिया को ऐसे रोका जा सकता है
- हमेशा पानी उबाल कर ही पिएं क्योंकि यह वायरस दूषित पानी में भी फैल सकता है। अपनी खुद की साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें।
- रोज़ाना स्नान करें, नाखूनों को नियमित काटें, हाथों को अच्छे से साबुन से धोएं।
- अपनी रोग प्रतिरोधक क्षमता को बचाने के लिए जितना हो सके बाहर के खाने से दूर रहें। क्योंकि इससे ये बीमारी फैलने की काफी ज़्यादा संभावना रहती है।
- चिकित्सा विभाग (जन स्वास्थ्य) के निदेशक डॉ. के.के. शर्मा का कहना है कि चिकनगुनिया वायरस के संक्रमण को हम अपने खान-पान से भी रोक सकते हैं।
- अपने खानपान में ऐसे तत्वों को सम्मिलित करना चाहिए जिससे हमारी रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़े। जैसे:
- रोज़ाना ग्रीन-टी का सेवन करना
- गिलोय का काढ़ा पीना, ये हमारे रक्त में प्लेटलेट्स की संख्या में वृद्धि करता है।
- तुलसी और शहद का उपयोग करके भी हम अपने शरीर को इस वायरस के खिलाफ मज़बूत कर सकते हैं।
- हल्दी एक बहुत अच्छी एंटी बैक्टीरियल औषधि है, जो इस वायरस के खिलाफ हमारा साथ दे सकती है।
- विटामिन-सी के लिए खट्टे फलों का सेवन भी लाभकारी बन सकता है।
इन सभी चीज़ों का पालन करने पर, हम कह सकते हैं कि जी हां, हम चिकनगुनिया के वायरस को संक्रमण से रोक सकते हैं, बस हमें जागरूक रह कर एक ज़िम्मेदार नागरिक बनने की आवश्यकता है। डॉ. के.के. शर्मा ने मुख्यतः तीन चीज़ों पर ज़ोर दिया है:
- पहला तो हमें मच्छरों से अपनी सुरक्षा करनी चाहिए जिससे हम इसके अलावा और भी रोगों से बच सकें।
- दूसरा हमें अपने आस-पास साफ सफाई का ध्यान रखना चाहिए।
- तीसरा हमें संतुलित और पौष्टिक आहार लेना चाहिए और ऐसे तत्वों को अपने आहार में शामिल करना चाहिए, जिससे हमारी रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़े।