बॉडी को टोन करने के साथ ही बने रहना है फिट तो ये 4 एक्सरसाइज ही हैं काफी
मोटापा घटाने के साथ ही अगर आपको बॉडी टोन करना है तो इसके लिए घंटों यूट्यूब पर फिटनेस वीडियोज़ देखने की जगह बस इन 4 एक्सरसाइज को बनाएं अपने रूटीन का हिस्सा और देखें इसका असर।
फिट रहने और बॉडी को टोन करने के लिए हम ढेरों वर्कआउट की लिस्ट तो बना लेते हैं लेकिन उनमें से कुछ एक ही सही तरीके से कर पाते हैं। अच्छा होगा आप ऐसे 2-3 वर्कआउट्स चुनें जिन्हें करना आसान हो और इसके फायदे भी आपको तुरंत देखने को मिलें। तो आज हम ऐसे ही कुछ वर्कआउट्स के बारे में जानेंगे और सबसे अच्छी बात कि इन वर्कआउट्स को करने के लिए किसी तरह के इक्वीपमेंट्स की भी नहीं है जरूरत।
1. फायदेमंद है सीढिय़ां: सीढ़ियां चढ़ना बहुत ही अच्छी एक्सरसाइजेस में से एक है। जो न केवल कैलरी बर्न करता है, बल्कि इससे आपकी बॉडी की सारी मसल्स भी टोन होती हैं। शुरुआत में धीरे-धीरे उतरें और चढ़ें। बाद में इसकी अवधि बढ़ाएं।
2. बर्पीज़ करें: बर्पीज़ में स्क्वॉट, पुश-अप्स और जंपिंग तीनों एक्सरसाइज़ की जाती हैं। ये तीनों एक्सरसाइज़ आपको एक ही सेट में करनी होती हैं। यह लेग्स, शोल्डर और चेस्ट की मांसपेशियों के लिए अच्छा व्यायाम है। इसके लिए स्क्वॉट पोजि़शन की तरह दोनों हाथों को ज़मीन पर रखकर शुरू करते हैं। इसके बाद एक पैर को ऊपर उठाकर पुश-अप की मुद्रा में आते हैं। इसी तरह दूसरे पैर को ऊपर उठाकर इस क्रिया को दोहराया जाता है। इस दौरान जितनी तेज़ी से हो सके, अपने शरीर को स्क्वॉट की पोजि़शन में ऊपर और नीचे लाने की कोशिश की जाती है। आप चाहें तो बर्पीज़ में दोनों हाथों को मिलाकर जंपिंग जैक से भी शुरू कर सकते हैं। इससे आपके शरीर की अतिरिक्त चर्बी कम होती है और दिल की धड़कनें भी सामान्य रहती हैं। साथ ही शरीर को मज़बूती मिलती है।
3. माउंटेन क्लाइमबर्स: इसे करने से शरीर की काफी कैलरी बर्न होती है। इससे एब्स व थाइज़ को बेहतरीन शेप मिलती है, मांसपेशियां मज़बूत होती हैं और रक्तसंचार बेहतर होता है। कॉडयो एक्सरसाइज़ में इसे भी आज़माया जा सकता है। इसे करने के लिए ज़मीन पर पेट के बल लेट जाएं। हाथों को कंधों के पास लाते हुए ज़मीन से सटाकर रखें। इसके बाद हाथों के बल शरीर को ऊपर उठाएं। इस अवस्था में शरीर का पूरा भार हथेलियों व पंजों पर होना चाहिए। शरीर ऊपर से लेकर नीचे तक सीधा होना चाहिए। अब बाएं घुटने को मोड़ते हुए चेस्ट के पास लाएं। करीब दो सेकंड इसी अवस्था में रहें। फिर बाएं पैर को वापस पीछे ले जाएं और तुरंत दाएं पैर को आगे ले आएं। इस तरह आपका एक चक्र पूरा हो जाएगा। अब बिना ब्रेक के इसे 20 बार दोहराएं।
4. जंपिंग जैक करें: बॉडी वेट वर्कआउट में सबसे आसान मानी जाने वाली जंपिंग जैक को कहीं भी व कभी भी किया जा सकता है। इसके लिए किसी भी तरह की मशीन की ज़रूरत नहीं। वैसे स्पॉट जॉगिंग भी अच्छी एक्सरसाइज़ मानी जाती है। इसे भी किसे भी समय पर कहीं भी किया जा सकता है, जैसे ही आपको थकान लगने लगे, तो आप 40-50 सेकंड का ब्रेक भी ले सकते हैं।
डिस्क्लेमर: सलाह सहित यह सामग्री केवल सामान्य जानकारी प्रदान करती है। यह किसी भी तरह से योग्य चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है। अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श करें।
Pic credit- https://www.freepik.com/premium-photo/young-motivated-girl-doing-plank-exercise-gym-full-length-photo-copy-space_7370432.htm#page=1&query=burpees&position=1