Mosquito Control Tips: बरसात में मच्छरों के आतंक से परेशान है तो इन घरेलू नुस्खों को आजमाएं- राहत मिलेगी।
Mosquito Control Tipsमच्छरों को मारने वाले ये रसायनों से इंफेक्शन से लेकर अस्थमा तक होने का खतरा रहता है। इसलिए आप मच्छरों को मारने के लिए घरेलू उपायों का इस्तेमाल करें।
नई दिल्ली, लाइफस्टाइल डेस्क। बरसात के मौसम में मच्छर और मक्खियां सबसे ज्यादा परेशान करते है। मच्छर दुनिया में सबसे ख़तरनाक जीव है। ये ऐसी बीमारियां फैलाता है जिसकी वजह से दुनिया भर में हर साल क़रीब दस लाख लोग मरते हैं। जैसे ज़ीका वायरस जो मच्छरों के ज़रिए ही एक इंसान से दूसरे इंसान तक पहुंचता है। इस वायरस की वजह से दक्षिण अमरीकी देशों में कई हज़ार बच्चे ऐसे पैदा हुए हैं जिनके मस्तिष्क पूरी तरह से ठीक नहीं हैं।
बरसात में मच्छर के काटने से ही डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया जैसी बीमारियां पनपती हैं। इन खतरनाक मच्छरों पर काबू पाने के लिए हम तरह-तरह के फंडे आजमाते हैं। मच्छर मारने की दवाईयों से लेकर मॉस्क्युटो तक इस्तेमाल करते हैं फिर भी इन मच्छरों से राहत नहीं मिलती। आपको पता है मच्छरों को मारने वाले रसायन दो से चार घंटे तक प्रभावी होते है उसके बाद मच्छर आपको फिर से परेशान करने लगते हैं। मच्छरों को मारने वाले ये रसायनों से इंफेक्शन से लेकर अस्थमा तक होने का खतरा रहता है। आप भी चाहती हैं कि घर को मच्छर से महफूज रखें तो हम आपको कुछ घरेलू नुस्खों के बारे में बता रहे है जो आपकी सेहत के लिए पूरी तरह महफूज रहेंगे साथ ही आपको मच्छरों से भी छुटकारा मिलेगा।
- लहसून को पीस कर पानी में उबाल लें और उस रूम में स्प्रे कर दे जहां से आपको मच्छर भगाना हो।
- यही नहीं सिट्रोनेला, तुलसी, पुदीना जैसे पौधे भी आपके घर से मच्छर को भगा सकते हैं।
- सबसे पहले नीम के तेल में कपूर मिलाकर एक स्प्रे बोतल में भर लें। अब इस मिश्रण का तेजपत्तों पर स्प्रे करें और तेजपत्ते को जला लें। तेजपत्ते का धुंआ सेहत के लिए किसी भी प्रकार से हानिकारक नहीं है। इस धुंए के असर से आश्चर्यजनक रूप से घर के सभी मच्छर भाग जाएंगे।
- सरसों के तेल में अजवाइन पाउडर मिलाकर इससे गत्ते के टुकड़ों को तर कर लें और कमरे में ऊंचाई पर रख दें। मच्छर पास भी नहीं आएंगे।
- सोते समय कुछ दूरी पर, सिरहाने कपूर मिले नीम के तेल का दीपक जलाएं, इससे भी मच्छर आपके पास बिल्कुल नहीं फटकेंगे।
- गेंदे के फूल की सुगंध न सिर्फ आपको ताजगी से भर देती है बल्कि मच्छर भी दूर भगाती है। गेंदे का पौधा न सिर्फ अपने बगीचे में रखें बल्कि बालकनी में भी इन्हें लगाएं जिससे शाम के समय मच्छर घर में न घुसें।
Written By Shahina Noor