लंबी उम्र के साथ चाहिए अच्छी सेहत भी, तो खानपान और वर्कआउट के अलावा इस ओर भी दें ध्यान
एक रिसर्च से पता चला है कि अगर व्यक्ति कुदरती वातावरण में रहता है तो उसकी आयु कई साल तक बढ़ सकती है साथ ही वह कई प्रकार की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से भी बचा रहता है।
कुछ विशेष अपवादों को छोड़कर दुनिया में शायद ही कोई ऐसा इंसान हो, जो लंबी उम्र जीने की इच्छा न रखता हो। आपकी लंबी उम्र जीने की इच्छा पूरी हो सकती है। बशर्ते आपके घर के आसपास अधिक से अधिक पेड़-पौधे लगे हों। हाल ही में अमेरिका में हुए एक अध्ययन से पता चला है कि अगर व्यक्ति कुदरती वातावरण में रहता है तो उसकी आयु कई साल तक बढ़ सकती है साथ ही वह विभिन्न प्रकार की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से भी बचा रहेगा।
अगर आप भी लंबी उम्र जीने की आकांक्षा रखती हैं और चाहती हैं कि आपके शरीर में किसी प्रकार की शिथिलता न आने पाए तो जहां तक संभव हो आपको शुद्ध हवा में रहने का प्रयास करना चाहिए। अगर आपका आवास खुले वातावरण में है तो फिर कहना ही क्या, लेकिन अगर आपका आवास ऐसी जगह में नहीं है तो आपको थोड़ा सा अतिरिक्त प्रयास करना चाहिए। आपको कोशिश करनी चाहिए न केवल आपको, बल्कि आपके परिवार के अन्य सदस्यों को भी खुली हवा में अधिक से अधिक सांस लेने का मौका मिले। इसके लिए जरूरी है कि अपने घर के आसपास और घर पर विभिन्न प्रकार के पेड़-पौधे अवश्य लगाएं।
पेड़-पौधों से मिलेगा लंबा जीवन
पेड़-पौधे कुदरत की दी हुई अनमोल नियामत हैं। अगर आपके घर के आसपास और घर में पेड़-पौधे लगे हैं तो आपकी और आपके परिवार के लोगों की उम्र कुदरती रूप से बढ़ जाती है। कारण, वाहन प्रदूषण, ध्वनि प्रदूषण, औद्योगिक प्रदूषण और अन्य प्रकार के विभिन्न प्रदूषणों के कारण हवा में कार्बन मोनोऑक्साइड व कार्बनडाईऑक्साइड आदि गैसों का अनुपात बढ़ जाता है, जो शरीर के लिए अत्यंत नुकसानदेह होता है। गौरतलब है कि इन गैसों के सूक्ष्म अणु बड़ी संख्या में वायुमंडल में फैल जाते हैं। इस स्थिति में सांस लेने पर शरीर में ऑक्सीजन कम मात्रा में पहुंचती है। इस हाल में शरीर के समस्त अंगों को पर्याप्त मात्रा में ऑक्सीजन नहीं मिल पाती। नतीजतन वे सुचारु रूप से कार्य नहीं कर पाते। इस स्थिति में आप दीर्घायु की कल्पना कैसे कर सकते हैं?
अमेरिका के हार्वर्ड स्कूल ऑफ पब्लिक हेल्थ द्वारा किए गए एक अध्ययन के अनुसार हाल के दशकों में अमेरिकी जनता की औसत उम्र में कई साल का इजाफा हुआ है। इसका एक प्रमुख कारण लोगों का अधिक से अधिक वक्त तक शुद्ध हवा में रहना है। अध्ययनकर्ताओं का कहना है कि लोगों की औसत उम्र के बढ़ने का एक कारण अमेरिकी गवर्नमेंट द्वारा पर्यावरण प्रदूषण को कम करने के सार्थक प्रयास भी हैं।