गर्मियों में कूल और हेल्दी रहने के लिए खाएं फ्रूट कस्टर्ड, जानें-बनाने का तरीका
गर्मी में फ्रूट कस्टर्ड शरीर में विटामिन और खनिज की पूर्ति करेगा साथ ही डिहाइड्रेशन से भी दूर रखेगा। फाइबर युक्त फल हमारी पाचन शक्ति को बनाए रखने में मदद करते हैं।
नई दिल्ली, लाइफस्टाइल डेस्क। गर्मी में अगर कुछ ठंडा हो जाए तो घर के बच्चे से लेकर बूढ़े सभी कूल हो जाते हैं। गर्मी में फ्रूट कस्टर्ड भी एक ऐसी डिश है, जिसे घर के सभी लोग खाना पसंद करते हैं। फ्रूट्स खाने के बॉडी के लिए अनगिनत फायदे हैं। अगर हम रोज कम मात्रा में भी फल खाएं तो बहुत सारी बीमारियों से बच सकते हैं। फल खाने से ना सिर्फ हमारी उम्र में इजाफा होता है, बल्कि हमारी स्किन भी खिली-खिली नजर आती है। गर्मियों में अगर इन फलों को मिलाकर कस्टर्ड बना लिया जाए तो इन फलों का मजा दोगुना हो जाता है।
गर्मी में फ्रूट कस्टर्ड शरीर में विटामिन और खनिज की पूर्ति करेगा साथ ही डिहाइड्रेशन से भी दूर रखेगा। फाइबर युक्त फल हमारी पाचन शक्ति को बनाए रखने में मदद करते हैं। इन गर्मियों में आप फलों का अधिक सेवन करना चाहते हैं तो आप फ्रूट कस्टर्ड बना कर खाएं। फ्रूट कस्टर्ड बनाना बेहद आसान है। आपके बच्चे अगर फ्रूट खाने से कतराते हैं तो आप उन्हें कस्टर्ड बनाकर खिलाएं। कस्टर्ड ना सिर्फ आपके बच्चों का पेट भरेगा, बल्कि उन्हें तंदुरुस्त भी रखेगा। आइए जानते हैं कि घर में हम कैसे बना सकते हैं फ्रूट कस्टर्ड।
सामग्री
दूध-1 किलो
कस्टर्ड पाउडर- 3-4 टेबलस्पून
चीनी- 200 ग्राम
केसर- 1 चुटकी
इलायची पाउडर- 1 टीस्पून
मिक्स फ्रूट्स (कटे हुए)- 2 कप (अनार, केला, अंगूर, सेब)
ड्राई फ्रूट्स-1 कप (बादाम, काजू, पिस्ता)
विधि
1. फ्रूट कस्टर्ड बनाने के लिए सबसे पहले दूध को अच्छी तरह उबाल कर इसमें चीनी डालें और धीमी आंच पर 10-15 मिनट तक गर्म करें।
2. अब एक अलग बर्तन में थोड़ा सा ठंडा दूध लें और उसमें रेडिमेट कस्टर्ड पाउडर डालकर मिक्स कर लें। मिक्स करते समय ध्यान दें कि उसमें गुठियां नहीं पड़े।
3. अब इसे गर्म दूध में डाल कर अच्छी तरह से फेंट लें और फिर इलायची पाउडर व केसर मिलाएं।
4. इसके बाद इसे गैस से हटा कर ठंडा होने के लिए रख दें। याद रखें कस्टर्ड ठंडा होने पर ही उसमें फ्रूट डालना है।
5. जब यह ठंडा हो जाए तो इसमें सभी तरह के फ्रूट जैसे अंगूर,संतरा,सेब,केला और अनार और ड्राई फ्रूट्स अच्छी तरह से मिलाएं और कुछ देर फ्रिज में रख दें।
6. फ्रूट कस्टर्ड तैयार है। अब इसे सर्व करें।
Written By Shahina Noor