Winter Food Cravings: क्या आपको भी सर्दियों में लगती है ज़्यादा भूख? तो ये हैं 3 वजह
Winter Food Cravings सर्दियों में ज़्यादा भूख लगने के पीछे आपके जेनेटिक्स के अलावा और भी कई वजह होती हैं। तो चलिए बात करते हैं कि आपको सर्दियों में ज़्यादा भूख आखिर क्यों लगती है।
नई दिल्ली, लाइफस्टाइल डेस्क। Winter Food Cravings: तापमान में गिरावट और सर्द हवाओं के साथ न सिर्फ हम ज़्यादा कपड़े पहनते हैं बल्कि खाना भी कुछ ज़्यादा ही खाने लगते हैं। आपने भी ये महसूस किया होगा कि तापमान में गिरावट आते ही आपकी भूख दोगुना हो जाती है और आप इस वजह से उल्टा-सीधा ज़्यादा खा लेते हैं। यहां तक कि कई बार आपके शरीर को खाने की ज़रूरत नहीं होती लेकिन आपका दिमाग लगातार खाने की ही सोचता है। इसका नतीजा यही होता है कि हम लगातार स्नैक्स जैसी चीज़ें खाते हैं और फिर बढ़ते वज़न की भी चिंता करते हैं।
हालांकि, इसके पीछे आपके जेनेटिक्स के अलावा भी कई और वजह होती हैं। तो चलिए बात करते हैं कि आपको सर्दियों में ज़्यादा भूख क्यों लगती है।
डीहाइड्रैशन
सर्दियों में गर्मियों के मुकाबले कम प्यास लगती है इसिलए लोग कम पानी पीते हैं, जिसकी वजह से डीहाइड्रैशन हो जाता है। इसलिए डीहाइड्रैशन की समस्या सर्दियों में आम है। इसके अलावा घर में चल रहे हीटर और गर्म कपड़े भी शरीर को डीहाइड्रेट करते हैं। ऐसे में जब हमारे शरीर को पानी की ज़रूरत होती है तो हमें लगता है भूख लगी है और हम ज़्यादा खा लेते हैं।
उदास मौसम
जी मौसम भी उदास होता है। सर्दियों में अक्सर धूप नहीं आती, हर तरफ कोहरा होता है, ठिठुरन रहती है, जिससे कई लोग परेशान रहते हैं और इसलिए इसे उदास मौसम कहा जाता है। रिसर्च की मानें तो ज़्यादातर लोग ठंड के मौसम में SAD यानी सीज़नल अफेक्टवि डिसऑर्डर से जूझते हैं। यही वजह है कि वह ज़्यादा खा भी लेते हैं।
तापमान
मौसम के ठंडे होते ही, हमारा शरीर अपने आपको गर्म करने के लिए ज़्यादा मेहनत करने लगते हैं। इसलिए शरीर को ज़्यादा ऊर्जा के लिए कैलोरीज़ की ज़रूरत पड़ती है। जब ऐसा होता है, तो हमारा दिमाग़ को सिगनल मिलता है कि और कपड़े पहन लेने चाहिए और कैलोरी से भरपूर खाना खा लेना चाहिए। इस दौरान हमें ये भी पता नहीं लगता कि कितना खा रहे हैं।