खूबसूरत मुस्कान के साथ अच्छी सेहत की भी पहचान होते हैं चमचमाते दांत, रखें इनका खास ख्याल
मज़बूत और चमचमाते दांत केवल खूबसूरती ही नहीं बल्कि अच्छी सेहत के लिए भी बहुत ज़रूरी हैं। दांतों का इन्फेक्शन दिल के लिए भी बहुत नुकसानदेह साबित होता है। इसलिए इनका खास ख्याल रखें।
चमचमाते सफेद दांत न केवल आपकी खूबसूरती में चार चांद लगाते हैं, बल्कि ये अच्छी सेहत की भी पहचान हैं। बावज़ूद इसके लोग दांतों की देखभाल को अकसर नज़रअंदाज़ कर देते हैं। इससे कई तरह की समस्याएं पैदा हो जाती हैं। पायरिया भी मसूड़ों से जुड़ी एक ऐसी ही बीमारी है, जो आसानी से लोगों को अपना शिकार बना लेती है।
क्या है समस्या
दरअसल हम जो भी खाते हैं, उसका कुछ अंश हमारे दांतों में चिपक जाता है। अच्छी तरह सफाई न होने की वजह से दांतों में सडऩ, सांसों में बदबू और मसूड़ों में सूजन जैसी समस्याएं शुरू हो जाती हैं। मसूड़ों से ब्लीडिंग, दर्द, ठंडी या गर्म चीज़ों के प्रति सेंसिटिविटी, दांतों का हिलना आदि पायरिया के प्रमुख लक्षण हैं। कई बार दो दांतों के बीच गैप होने की वजह से भी यह समस्या बढ़ जाती है। अगर लंबे समय तक दांतों की सफाई पर ध्यान न दिया जाए तो उसके आसपास गंदगी जमा होने लगती है और कुछ समय के बाद वह पत्थर की तरह सख़्त हो जाती है, जिसे कैलकुलस कहा जाता है। इसी गंदगी में बैक्टीरिया पनपने लगते हैं, जो रक्त प्रवाह के माध्यम से दिल तक पहुंच जाते हैं। इससे हार्ट में इन्फेक्शन और हार्ट अटैक जैसी समस्याएं भी हो सकती हैं।
प्रमुख वजह
डेंटल सर्जन एवं कंसल्टेंट डॉ. वंदना सहगल के अनुसार, 'व्यक्ति के मुंह में लगभग 700 किस्म के बैक्टीरिया होते हैं, जिनकी संख्या करोड़ों में होती है। यही बैक्टीरिया दांतों और मुंह को बीमारियों से बचाते हैं लेकिन मुंह, दांत और जीभ की सफाई न होने पर ये दांतों और मसूड़ों को नुकसान पहुंचाते हैं। कैल्शियम की कमी भी इसकी प्रमुख वजह है। अत: ऐसी समस्या से बचने के लिए दांतों की सफाई का ध्यान रखें। साल में दो बार डेंटल चेकअप कराएं। बच्चों को सही ढंग से ब्रश करना सिखाएं। अगर आप इन बातों का ध्यान रखेंगी तो आपके दांत हमेशा स्वस्थ और चमकदार रहेंगे।
यह भी न भूलें
1. चॉकलेट, मिठाई और चिपचिपे पदार्थों के सेवन से बचें। अगर कभी ऐसी चीज़ें खाते हैं तो उसके तुरंत बाद ब्रश करना न भूलें।
2. दांतों के लिए सॉफ्ट ब्रश और मेडिकेटेड टूथपेस्ट का इस्तेमाल करें।
3. रात को सोने से पहले ब्रश करने के साथ फ्लॉस से दांतों के बीच फंसे भोजन के अवशेषों को अच्छी तरह साफ करें।
4. टंग क्लीनर का इस्तेमाल भी ज़रूरी है।
5. पानी और तरल पदार्थों का भरपूर मात्रा में सेवन करें लेकिन कार्बोनेटेड ड्रिंक्स से दूर रहने की कोशिश करें।
6. आंवला, अमरूद और संतरा जैसे विटमिन-सी युक्त फलों का सेवन करें। ये दांतों और मसूड़ों की सेहत के लिए बहुत फायदेमंद साबित होते हैं।
Pic Credit- Freepik