Amchur Benefits And Side Effects: जानें अमचूर के ये बड़े फायदे और नुकसान भी ताकि आपकी सेहत खटाई में न पड़े
Amchur Benefits And Side Effects अमचूर जहां आपके खाने का स्वाद बढ़ाती है वहीं ये आपकी सेहत को भी नुकसान पहुंचाती है। जानिए कैसे और कब ये सेहत के लिए हानिकारक है।
नई दिल्ली, लाइफस्टाइल डेस्क। अमचूर जिसे हम खटाई भी कहते हैं ये हमारे खाने का स्वाद बढ़ाने के साथ ही हमारी सेहत के लिए भी फायदेमंद है। ये हमारे शरीर में पोषक तत्वों की कमी को पूरा करती है। अमचूर आंखों से लेकर दिल तक के लिए फायदेमंद है। आमचूर दिल का दौरा पड़ने जैसी गंभीर समस्याओं की संभावना को भी कम कर सकती है। आइए जानते है अमचूर हमारी सेहत के लिए किस तरह फायदेमंद है।
वजन कम करे:
अमचूर में विटामिन सी अधिक पाया जाता है, जो मोटापे को कम करने में मदद करता है। अमचूर में फाइबर भरपूर मात्रा में पाया जाता है, जो वजन कम करने में महत्वपूर्ण है।
कैंसर रोकने में सहायक :
अमचूर आम से बनाया जाता है, आम में मैंगीफेरीन नामक तत्व पाया जाता है। मैंगीफेरीन नामक तत्व कैंसर के जोखिम को कम करने में कुछ हद तक मददगार हो सकता है। ये बात कई रिसर्च में सामने आ चुकी है।
मधुमेह में सहायक:
शुगर के मरीजों के लिए भी अमचूर बहुत ही फायदेमेंद है। आम में मैंगीफेरीन नामक जो तत्व पाया जाता है, वो संक्रमण, दिल की बीमारी और डायबिटीज की समस्या में भी बुहत फायदेमंद होती है।
डिटॉक्सीफीकेशन के लिए अमचूर का इस्तेमाल:
अमचूर शरीर को हानिकारक विषाक्त पदार्थों से बचाने में मदद करती हैं। अमचूर पाउडर में विटामिन ए, विटामिन सी, विटामिन डी और विटामिन बी6 की अच्छी मात्रा होती है। इस कारण ही यह शरीर को डिटॉक्सिफाई करता है। इस तरह से आप दस्त, पेचिश और मूत्र पथ के संक्रमण संबंधी समस्याओं के आयुर्वेदिक इलाज के लिए आमचूर का उपयोग कर सकते हैं।
मुहांसों को दूर करने के लिए अमचूर का इस्तेमाल:
यदि आप मुहांसों का उपचार करना चाहते हैं तो अमचूर आपके लिए फायदेमंद हो सकता है। मुहांसों का उपचार करने के लिए आप अमचूर पाउडर को टमाटर के रस के साथ मिलाकर अपने चेहरे पर लगाएं। इस पेस्ट को कुछ देर तक लगाने के बाद आप इसे हल्के हाथ से रगड़ते हुए धो लें। यह आपकी त्वचा में मौजूद बैक्टीरिया और मृत त्वचा कोशिकाओं को हटाने में प्रभावी होता है।
आंखों के लिए:
अमचूर पाउडर न केवल आपके वजन को कम करता है, बल्कि ये आपकी आंखों की रोशनी भी तेज करता है। आम में बीटा-कैरोटीन नाम का तत्व पाया जाता है। ये एंटी ऑक्सीडेंट के गुणों से भरपूर होता है। मोतियाबिंद के खतरे को ये कम करने में सहायक है।
पाचन शक्ति को बढ़ाता है :
आम में मौजूद विटामिन सी खाना पचाने में भी कारगर साबित होता है। इसमें मौजूद फाइबर आपकी पाचन क्रिया को दुरुस्त रखता है।
अमचूर के अनेक फायदों के साथ इसके कुछ नुकसान भी हैं।
- इसमें मौजूद विटामिन सी पेट संबंधी कई समस्याएं पैदा कर सकता है। इसके अधिक इस्तेमाल से आपको गैस, डायरिया जैसी समस्या हो सकती है।
- किडनी की समस्या से जूझ रहे लोगों को इसका इस्तेमाल नहीं करना चाहिए।
- दूध से पहले अमचूर खाने पर कई लोगों को एलर्जी की समस्या हो सकती है।
- अमचूर की तासीर ठंडी होती है, इससे कइयों को सर्दी, जुकाम की समस्या हो सकती है। सब्जी, चटनी आदि में इसका अधिक इस्तेमाल आपकी सेहत के लिए ठीक नहीं है।
Written By Shahina Noor