Heart Health Tips: कोरोनाकाल में दिल को सेहतमंद रखना है तो इन 5 आदतों को अपनाएं
Heart Health Tips भारत में दिल के मरीज़ों की संख्या तेज़ी से बढ़ रही है जिसका कारण दिल से जुड़ी समस्याओं की अनदेखी है। दिल की सेहत के लिए आपकी डाइट का बेस्ट होना बेहद जरूरी है। दिल सेहतमंद रहेगा तो आप सेहतमंद रहेंगे।
नई दिल्ली, लाइफस्टाइल डेस्क। कोरोनाकाल में कोविड-19 वायरस का असर हमारे दिल की सेहत को भी नुकसान पहुंचा रहा है। इस मुश्किल वक्त में हमें अपने दिल का दोगुना ख्याल रखने की जरूरत है। हमारी सांसें चलती रहें, इसके लिए हमारे दिल का धड़कना बहुत जरूरी है। लंबी उम्र के लिए दिल की सेहत का ध्यान कैसे रखे? ये बहुत बड़ा सवाल है। आपको बता दें कि दिल की सेहत के लिए बेस्ट डाइट और लाइफस्टाइल को दुरुस्त करना जरुरी है। डाइट में तेल और घी के सेवन पर कंट्रोल करें ताकि आपका दिल सही सलामत धड़कता रहे।
भारत में दिल के मरीज़ों की संख्या तेज़ी से बढ़ रही है। अमेरिकन हार्ट एसोसिएशन की एक रिपोर्ट के मुताबिक दिल के मरीजों में से 95 प्रतिशत की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो जाती है, इसका कारण दिल से जुड़ी समस्याओं की अनदेखी है। वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गनाइजेशन के अनुसार कार्डियोवस्कुलर डिजीज विश्व में होने वाली मौतों का सबसे बड़ा कारण है। आप भी दिल की सेहत का ध्यान रखना चाहते हैं तो सबसे पहले इन पांच आदतों को अपनाएं।
पैष्टिक आहार का सेवन करें:
पौष्टिक तत्व से भरपूर खाना हमारी ओवरऑल सेहत का ध्यान रखता है। पौष्टिक खाना खाने से तनाव कम होता है, और दिल भी सेहतमंद रहता है। दिल की सेहत के लिए आप हरी पत्तेदार सब्जियां अपनी डाइट में शामिल करें। ये सब्जियां दिल से जुड़ी बीमारियों कार्डियक अरेस्ट, हार्ट अटैक और ब्लड प्रेशर का खतरा 16 प्रतिशत तक कम करती हैं। स्ट्रॉबेरी, ब्ल्यू बेरीज और ब्लैक बेरीज का सेवन करें। इनमें दिल की सेहत के लिए महत्वपूर्ण पोषक तत्व होते हैं।
मोटापा को कंट्रोल करें:
मोटापा दिल से संबंधित कई बीमारियों को जन्म देता है। वज़न कंट्रोल करने के लिए रोज एक्सरसाइज और योगा करें। कोई भी फिजिकल एक्टिविटी जैसे स्पोर्ट्स, एरोबिक्स और डांसिंग से दिल सेहतमंद रहता है।
बॉडी को फिजिकली एक्टिव रखें:
अगर आप पूरे दिन ऑफिस में बैठ कर काम करते हैं, तो खुद को फिजिकली एक्टिव रखने के लिए सुबह या शाम में वॉक पर जाएं या साइकलिंग करें। दिल की सेहत के लिए फिजिकल एक्टिव रहना जरूरी है।
साबुत अनाज का सेवन करें:
साबुत अनाज शरीर में कोलेस्ट्रॉल और ब्लड प्रेशर नियंत्रित रखने में मदद करता है। गेहूं, ब्राउन राइस, जई, जौ, क्विनोआ, बाजरा, चना और मूंग जैसे साबुत अनाज में फाइबर की भरपूर मात्रा होती है। जो दिल से जुड़ी किसी भी किस्म के खतरे को कम करने में मददगार साबित होते हैं।
एल्कोहल से दूर रहें:
आप चाहते हैं कि दिल सेहतमंद रहे तो स्मोकिंग, एल्कोहल और दूसरे नशे को छोड़ दें। नशा हमारे शरीर और दिल को काफी नुकसान पहुंचाता है। इन आदतों पर जल्द से जल्द कंट्रोल करें।
Written By: Shahina Noor