विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अब बाहर से ऑर्डर करने की जरूरत नहीं, इस आसान रेसिपी से घर पर बनाएं बिल्कुल रेस्टोरेंट जैसा चिली पनीर

Published: Sun, 17 May 2026 03:49 PM (IST)

सही स्टेप्स फॉलो करके घर पर बिल्कुल रेस्टोरेंट जैसा चिली पनीर बना सकते हैं। इसकी रेसिपी काफी आसान होती है।

कैसे बनाएं बाजार जैसे चिली पनीर? (Picture Courtesy: Freepik)

कैसे बनाएं बाजार जैसे चिली पनीर? (Picture Courtesy: Freepik)

लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। चाइनीज खाना ज्यादातर लोगों को पसंद होता है, उसमें भी चिली पनीर की बात ही कुछ और है। पनीर के सॉफ्ट टुकड़े, कुरकुरी शिमला मिर्च, प्याज और तीखी-मीठी सॉस का यह कॉम्बिनेशन हर पार्टी या गेट-टुगेदर की जान होता है। 

हालांकि, अक्सर लोग सोचते हैं कि रेस्टोरेंट जैसा स्वाद घर पर नहीं आ सकता, लेकिन कुछ आसान स्टेप्स और सही ट्रिक्स के साथ आप इसे घर पर ही बेहद स्वादिष्ट बना सकते हैं। यहां हम ड्राई चिली पनीर बनाने की सबसे आसान और परफेक्ट रेसिपी बता रहे हैं, जिसे आप स्टार्टर के रूप में परोस सकते हैं।

सामग्री 

पनीर को कोट करने के लिए-

  • पनीर- 250 ग्राम (चौकोर टुकड़ों में कटा हुआ)
  • कॉर्नफ्लोर- 3 बड़े चम्मच
  • मैदा- 2 बड़े चम्मच
  • अदरक-लहसुन का पेस्ट- 1 छोटा चम्मच
  • काली मिर्च पाउडर- आधा छोटा चम्मच
  • नमक- स्वादानुसार
  • तेल- तलने के लिए

सॉस और सब्जियों के लिए-

  • प्याज- 1 बड़ा 
  • शिमला मिर्च- 1 बड़ी (चौकोर कटी हुई)
  • हरी मिर्च- 3-4 (लंबाई में कटी हुई)
  • लहसुन- 10-12 कलियां (बारीक कटी हुई)
  • अदरक- 1 इंच का टुकड़ा (बारीक कटा हुआ)
  • हरा प्याज- आधा कप (बारीक कटा हुआ)
  • डार्क सोया सॉस- 1 बड़ा चम्मच
  • रेड चिली सॉस- 1 बड़ा चम्मच
  • ग्रीन चिली सॉस- 1 छोटा चम्मच
  • टोमैटो केचप- 1.5 बड़ा चम्मच
  • सिरका- 1 छोटा चम्मच
  • कॉर्नफ्लोर स्लरी- 1 चम्मच कॉर्नफ्लोर 3 चम्मच पानी में घोला हुआ
Chilli Paneer (3)
(Picture Courtesy: Freepik)

बनाने की विधि 

  • सबसे पहले एक बड़े कटोरे में कॉर्नफ्लोर, मैदा, अदरक-लहसुन का पेस्ट, काली मिर्च, नमक और थोड़ा-सा पानी मिलाकर एक गाढ़ा घोल तैयार कर लें। 
  • अब इसमें पनीर के टुकड़े डालें और हल्के हाथों से मिलाएं, ताकि कोटिंग अच्छी तरह हो जाए। एक कढ़ाई में तेल गर्म करें और पनीर के टुकड़ों को मध्यम-तेज आंच पर सुनहरा और क्रिस्पी होने तक तल लें। इन्हें किचन पेपर पर निकाल लें।
  • अब एक छोटी कटोरी में सोया सॉस, रेड चिली सॉस, ग्रीन चिली सॉस और टोमैटो केचप को एक साथ मिला लें। ऐसा करने से कुकिंग के समय सॉस जलती नहीं है और स्वाद निखर कर आता है।
  • अब कढ़ाई में 2 बड़े चम्मच तेल गर्म करें। सबसे पहले बारीक कटा लहसुन, अदरक और हरी मिर्च डालकर तेज आंच पर 30 सेकंड के लिए भूनें। इसके बाद प्याज और शिमला मिर्च डालें। याद रखें, चाइनीज कुकिंग हमेशा तेज आंच पर होती है ताकि सब्जियों का क्रंच बना रहे। सब्जियों को सिर्फ 1 से 2 मिनट ही भूनें।
  • अब कढ़ाई में तैयार किया हुआ सॉस का मिश्रण और स्वादानुसार नमक डालें और इसे अच्छे से मिलाएं। अब आंच धीमी करें और कॉर्नफ्लोर का घोल डालकर लगातार चलाएं। सॉस तुरंत गाढ़ी होने लगेगी।
  • लास्ट में, फ्राई किए हुए पनीर के टुकड़े और सिरका डालें। तेज आंच पर सभी चीजों को 1 मिनट के लिए टॉस करें ताकि सॉस पनीर पर अच्छी तरह लिपट जाए।
  • आपका गरमा-गरम, रेस्टोरेंट स्टाइल चिली पनीर तैयार है। इसे ऊपर से बारीक कटे हरे प्याज से गार्निश करें। इसे आप फ्राइड राइस या नूडल्स के साथ सर्व कर सकते हैं या फिर ऐपेटाइजर के रूप में परोस सकते हैं।