विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

खीरे से बनाएं टेस्टी और क्रंची कोरियन किमची, स्वाद और सेहत हर मामले में है बेस्ट

Published: Fri, 22 May 2026 02:37 PM (IST)

पत्तागोभी वाली किमची को तैयार होने में तो हफ्तेभर का समय लगता है, और जब कुछ तीखा और चटपटा खाने ...और पढ़ें

घर पर इस तरह बनाएं कोरियन स्टाइल Cucumber Kimchi (Image Source: AI-Generated)

घर पर इस तरह बनाएं कोरियन स्टाइल Cucumber Kimchi (Image Source: AI-Generated)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। आजकल भारत में कोरियन ड्रामा और के-पॉप के साथ-साथ कोरियन खाने का क्रेज भी लोगों के सिर चढ़कर बोल रहा है। जब भी कोरियन डिशेज की बात आती है, तो 'किमची' का नाम सबसे पहले आता है, जो कि कोरियन खाने की जान है। आमतौर पर किमची को फर्मेंटेड पत्तागोभी से बनाया जाता है, जिसे बनने में काफी समय लगता है, लेकिन अगर आप तुरंत कुछ चटपटा और क्रंची खाना चाहते हैं, तो 'खीरे की किमची' आपके लिए सबसे बेहतरीन ऑप्शन है।

इसे कोरियन भाषा में 'ओई किमची' कहा जाता है। यह बनाने में जितनी आसान है, खाने में उतनी ही मजेदार होती है। सबसे अच्छी बात यह है कि इसके लिए आपको बाजार से कोई महंगी चीज लाने की जरूरत नहीं है; आपके किचन में मौजूद साधारण चीजों से ही यह झटपट तैयार हो जाती है।

Koream kimchi

(Image Source: AI-Generated)

क्यों खानी चाहिए खीरे की किमची?

स्वाद के अलावा यह सेहत के लिए भी एक खजाना है। खीरे में पानी की मात्रा बहुत ज्यादा होती है, जो आपके शरीर को हाइड्रेट रखता है। इसके अलावा, इसमें लहसुन, अदरक और सिरके का इस्तेमाल होता है, जो आपके पाचन तंत्र को मजबूत बनाने में मदद करते हैं। यह लो-कैलोरी डिश है, इसलिए अगर आप वजन कम करने की कोशिश कर रहे हैं, तो इसे बेझिझक अपनी डाइट में शामिल कर सकते हैं।

इसे बनाने के लिए आपको क्या-क्या चाहिए?

  • ताजे खीरे: 2 से 3 (कटे हुए)
  • नमक: 1 चम्मच
  • लहसुन: 3-4 कलियां (बारीक कटी हुई)
  • अदरक: आधा इंच टुकड़ा (कद्दूकस किया हुआ)
  • सोया सॉस: 1 बड़ा चम्मच
  • सफेद सिरका या नींबू का रस: 1 चम्मच
  • लाल मिर्च पाउडर (या चिली फ्लेक्स): 1 चम्मच (अपने तीखेपन के अनुसार कम या ज्यादा करें)
  • चीनी या शहद: आधा छोटा चम्मच (तीखेपन को बैलेंस करने के लिए)
  • भुने हुए सफेद तिल: 1 चम्मच (गार्निंश के लिए)

बनाने की बेहद आसान विधि

  • सबसे पहले खीरों को अच्छी तरह धो लें। आप चाहें तो इन्हें गोल टुकड़ों में काट सकते हैं या फिर बीच से चीरा लगाकर लंबे और पतले टुकड़ों में काट लें। अब कटे हुए खीरे में एक चम्मच नमक अच्छी तरह मिला लें और इसे 15 से 20 मिनट के लिए ऐसे ही छोड़ दें। इससे खीरे का एक्स्ट्रा पानी बाहर निकल जाएगा और वो लंबे समय तक क्रंची बने रहेंगे।
  • जब तक खीरे तैयार हो रहे हैं, आप इसका चटपटा मसाला बना लें। एक छोटी कटोरी में बारीक कटा लहसुन, कद्दूकस किया अदरक, सोया सॉस, सिरका या नींबू का रस, लाल मिर्च पाउडर और हल्की-सी चीनी/शहद डालकर अच्छी तरह मिला लें।
  • 20 मिनट बाद आप देखेंगे कि खीरे ने काफी पानी छोड़ दिया है। इस पानी को फेंक दें और खीरे के टुकड़ों को हल्के हाथों से निचोड़ लें ताकि बचा हुआ पानी भी निकल जाए।
  • अब निचोड़े हुए खीरों को एक बड़े बाउल में डालें और ऊपर से तैयार किया हुआ चटपटा मसाला डाल दें। हाथों से या चम्मच की मदद से मसाले को खीरे पर अच्छी तरह कोट कर लें। अंत में ऊपर से भुने हुए सफेद तिल डाल दें।
  • लीजिए, आपकी टेस्टी, तीखी और क्रंची 'खीरे की किमची' बिल्कुल तैयार है। वैसे तो आप इसे तुरंत खा सकते हैं, लेकिन अगर आप इसे 1-2 घंटे के लिए फ्रिज में रख देंगे, तो मसाले खीरे के अंदर तक चले जाएंगे और इसका स्वाद दोगुना हो जाएगा। आप इसे फ्राइड राइस, नूडल्स, मैगी के साथ खा सकते हैं या फिर शाम की हल्की भूख में एक हेल्दी स्नैक के तौर पर भी एन्जॉय कर सकते हैं।

यह भी पढ़ें- आलू-पनीर की चटपटी स्टफिंग वाली भरवां शिमला मिर्च, स्वाद इतना लाजवाब कि बच्चे भी मांग-मांग कर खाएंगे

यह भी पढ़ें- आम पन्ना से खट्टी-मीठी लौंजी तक, भारत के हर कोने में छिपा है फलों के राजा का अनोखा स्वाद