क्या 8 साल बाद भारत फिर जीतेगा Miss World का ताज? आज शाम हैदराबाद में होगा फैसला
आज की शाम हैदराबाद के लिए बेहद खास है। दुनिया के सबसे मशहूर ब्यूटी पेजेंट्स में से एक 72वीं मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता का ग्रैंड फिनाले आज 31 मई की शाम 630 बजे से रात एक बजे तक हिटेक्स एग्जीबिशन सेंटर में होने जा रहा है। इस भव्य आयोजन में करीब 3500 खास मेहमान शिरकत करेंगे और दुनिया भर की निगाहें हैदराबाद पर टिकी होंगी।

लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। दुनिया की सबसे प्रतिष्ठित सौंदर्य प्रतियोगिता (Miss World 2025), 72वीं मिस वर्ल्ड 2025 का ग्रैंड फिनाले आज, 31 मई की शाम 6:30 बजे से रात 1 बजे तक हैदराबाद के हिटेक्स एग्जीबिशन सेंटर में होने जा रहा है। इस भव्य आयोजन में 3,500 से ज्यादा विशिष्ट मेहमानों की उपस्थिति में, विनर को 71वीं मिस वर्ल्ड क्रिस्टिना पायजकोवा (Krystyna Pyszková) द्वारा ताज पहनाया जाएगा।
यह समारोह मिस वर्ल्ड 2016 स्टेफनी डेल वैले और भारत के जाने-माने एंकर सचिन कुम्भार द्वारा होस्ट किया जाएगा, जिसमें बॉलीवुड सितारे जैकलीन फर्नांडीस और ईशान खट्टर अपनी शानदार लाइव परफॉर्मेंस से चार चांद लगाएंगे। 2017 की मिस वर्ल्ड मानुषी छिल्लर भी इस ऐतिहासिक पल की साक्षी बनेंगी।
कैसे होगा विनर का चुनाव?
प्रतियोगिता की शुरुआत 108 सुंदरियों के शानदार परिचय के साथ होगी। धीरे-धीरे, हर महाद्वीप से शीर्ष 10 प्रतियोगियों को चुना जाएगा, जिसके बाद शीर्ष 5 और फिर शीर्ष 2 का चयन होगा। अंत में, हर महाद्वीप से एक-एक विजेता, यानी चार फाइनलिस्ट सामने आएंगी। इन चार फाइनलिस्ट को जजों के सामने एक अंतिम सवाल का जवाब देना होगा। जिसका जवाब सबसे प्रभावशाली होगा, वही सुंदरी इस साल की नई मिस वर्ल्ड का खिताब अपने नाम करेगी।
यह भी पढ़ें- 72वें मिस वर्ल्ड फेस्टिवल में Sonu Sood होंगे शामिल, एक्टर को वैश्विक मंच पर मिलेगा खास सम्मान
भारत का रिकॉर्ड और इस बार की उम्मीद
भारत का मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता में शानदार इतिहास रहा है। हमने अब तक छह मिस वर्ल्ड खिताब जीते हैं: रीता फारिया (1966), ऐश्वर्या रॉय (1994), डायना हेडन (1997), युक्ता मुखी (1999), प्रियंका चोपड़ा (2000) और मानुषी छिल्लर (2017)। इस तरह, भारत वेनेजुएला के साथ छह खिताबों के साथ बराबरी पर है। अगर इस बार भारत की नंदिनी गुप्ता खिताब जीत जाती हैं, तो यह भारत के लिए एक नया रिकॉर्ड होगा और हम इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में सबसे ज्यादा खिताब जीतने वाले देश बन जाएंगे।
यह तीसरी बार है जब मिस वर्ल्ड का फिनाले भारत में आयोजित हो रहा है। इससे पहले, 1996 में बेंगलुरु में और 2024 में मुंबई में यह भव्य समारोह हुआ था। इस बार जूरी की अध्यक्षता मिस वर्ल्ड ऑर्गनाइजेशन की चेयरपर्सन जूलिया मोर्ले करेंगी और विजेता की घोषणा भी वही करेंगी। भारतीय जूरी में फिल्म अभिनेता सोनू सूद भी शामिल हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।