वासंती मौसम में येलो के अलग-अलग शेड्स के साथ ऐसे बनाएं अपने लुक को अलग और खास
मौसम वासंती हो तो उसका असर कपड़ों पर भी पड़ना चाहिए। इस मौसम में खुशनुमा पीले से अच्छा भला और क्या हो सकता है। इस रंग के साथ कैसे अपना लुक अलग करें और साथ ही स्टाइलिश भी जानिए यहां।
पीला सिर्फ एक रंग नहीं, बल्कि यह हंसी-खुशी, आशावाद और खुशहाली से भी जुड़ा हुआ है। तो दिल से पीले रंग का स्वागत कीजिए, क्योंकि वसंत के स्वागत के लिए खिले सूरजमुखी, चमकते सूरज के बीच आप कहीं से भी कम नहीं लगनी चाहिए।
पीला रंग पहने वक्त इसके शेड्स का ध्यान रखना जरूरी है, क्योंकि पीला ऐसा रंग है, जो अपने शेड्स में कंजूसी नहीं करता। लेमन येलो, टरमरिक येलो, मस्टर्ड येलो, मेरीगोल्ड येलो, कॉर्न येलो, सनफ्लॉवर येलो, पाइनएपल येलो..। यानी ये तो तय है कि आपको इसमें से सिर्फ अपना वाला येलो चुनना है। तो चलिए, चलते हैं पीले रंग की यात्रा पर...
ट्रेडिशनल वेयर्स में येलो
गहरा पीला अमूमन रात के वक्त पहना जाए, तो अच्छा लुक देता है। रात की किसी पार्टी में येलो पर सीक्वेंस वर्क साड़ी पहनिए और जमकर तारीफ बटोरिए। दिन के फंक्शंस में हल्दी पीला रंग गजब ढाता है। तो पार्टी चाहे अपने घर हो या किसी परिचित के यहां हल्दी पीले रंग की चंदेरी, महेश्वरी साड़ी पहनिए और बन जाइए पार्टी की शान। साड़ी नहीं पहनना चाहतीं तो प्लेन सिल्क का येलो अनारकली सूट ट्राई कीजिए और साथ में बनारसी दुपट्टा पेयर कर बिखेरिए अपने स्टाइल का जादू।वेस्टर्न आउटफिट्स और येलो
वेस्टर्न आउटफिट्स में लेमन येलो का कोई जवाब नहीं। लेमन येलो ट्राउज़र पर व्हाइट बेस्ड येलो प्रिंट्स की शर्ट या टॉप पहन कर आप आराम से ऑफिस जा सकती हैं और कहीं आउटिंग पर भी। और हां, स्किनफिट ब्लैक जींस पर सॉफ्ट येलो कलर का ट्यूनिक टॉप पहनकर कॉलेज फ्रेंड्स के साथ पार्टी भी की जा सकती है।
जब बनाना हो कॉम्बिनेशन
पीला रंग पहनने पर निखार तो आता ही है, यह तुरंत ध्यान भी खींचता है। लेकिन इसके साथ अगर दूसरा रंग पहनना हो यानी कॉम्बिनेशन बनाना हो तो ग्रे, व्हाइट, ब्लैक, डार्क ग्रीन और रॉयल ब्लू ट्राई करें। अगर आपको लगता है कि यहां रेड कलर छूट गया है, तो हमने उसे छोड़ दिया है। क्योंकि अगर आपको इस कलर फैमिली से ही कुछ ट्राय करना है, तो येलो के साथ वाइन रेड ट्राई करें। अगर येलो के साथ ब्लू या ग्रीन को लेकर कंफ्यूज में हैं तो इन रंगों को कपड़ों पर एंब्रॉयडरी या पाइपिन में इस्तेमाल करें।
Pic credit- Pinterest, margoandme, azafashions