Holi 2020 Hair Care: इन आसान 3 तरीकों से होली के पक्के रंग से बालों को बचाएं!
Holi 2020 Hair Care रंग के इस्तेमाल के समय हम अपने बालों और चेहरे का ख्याल रखना भूल जाते हैं। इससे बालों को रंगों के साइड इफेक्ट से गुज़रना पड़ता है।
नई दिल्ली, लाइफस्टाइल डेस्क। Holi 2020 Hair Care: ये ज़िंदगी रंग के बिना बेरंग है। इस बेरंग ज़िंदगी में होली के दिन रंग भर आता है। इस खुशी के हम सभी अपनों के साथ खुशियां बांटते हैं और एक दूसरे को रंग लगाते हैं। हालांकि, रंग के इस्तेमाल के समय हम अपने बालों और चेहरे का ख्याल रखना भूल जाते हैं। इससे हमें रंगों के साइड इफेक्ट से गुज़रना पड़ता है क्योंकि आधुनिक समय में रंगों में कई तरह के केमिकल का इस्तेमाल किया जाता है। जो चेहरे और बालों के लिए नुकसानदेह है। ऐसे में आज हम आपको कुछ टिप्स बताने जा रहे हैं, जिसे आप अपने घर पर इस्तेमाल हो रहे होली के पक्के रंगों से बालों को बचा सकते हैं। आइए जानते हैं।
कैस्टर या ऑलिव ऑइल
होली खेलने से पहले अपने बालों में कैस्टर या ऑलिव ऑइल ज़रूर लगाएं। इससे बालों पर पक्के रंग का असर नहीं होता है क्योंकि कैस्टर या ऑलिव ऑइल बालों में एक लेयर बनाता हैं जो बालों की हिफाज़त करता है। आप चाहे तो नारियल तेल या फिर बादाम तेल का भी इस्तेमाल कर सकते हैं। अगर आप होली से एक दिन पहले ही बालों को नारियल तेल से मसाज कर लें तो इससे कुछ नहीं हो सकता। इससे आपके स्कैल्प की हिफाज़त होती है।
अंडा और दही
होली खेलने के तुरंत बाद बालों को शैम्पू से न धोएं। इससे पहले अपने बालों को सिर्फ पानी से अच्छी तरह धो लें। अब अंडे और दही को मिक्स कर अपने बालों में लगाएं। इसे 45 मिनट तक ऐसे ही छोड़ दें। इसके बाद अपने बालों को शैम्पू की मदद से धो लें। ऐसा करने से होली के पक्के रंग से होने वाली समस्या से आपके बाल सुरक्षित रहेंगे।
सरसों का तेल
रंग को छुड़ाने या इसको बेअसर करने के लिए आप होली खेलने से पहले अपने बालों में सरसों का तेल लगा सकते हैं। इसके बाद अपने बालों को अच्छी तरह से मसाज करें ताकि स्कैल्प सरसों के तेल को अच्छी तरह सोख ले। ऐसा करने के बाद ही होली खेलें। वहीं, होली खेलने के बाद सरसों के तेल से फिर अपने बालों को मसाज कर आधे घंटे तक यूंही छोड़ दें। इसके बाद अपने बालों को शैम्पू की मदद से धो लें।