Beauty With Dahi: दही दूर करेगा आपके चेहरे की ये 5 परेशानियां, त्वचा बनेगी खूबसूरत
Dahi For Beautiful Skin त्वचा को निखारने के लिए आपने क्या कभी दही को आज़माया है? त्वचा का रंग निखारने से लेकर उसके पोषण तक से लेकर उसके पोषण तक के लिए आप दही पर भरोसा कर सकती हैं।
नई दिल्ली, लाइफस्टाइल डेस्क। Dahi For Beautiful Skin: दही सभी को पसंद होता है...चाहे इसका रायता बनाया जाए या फिर फ्लेवर्ड हो। दही ठंडक पहुंचाने के साथ-साथ काफी सेहतमंद भी होता है। लेकिन इसका इस्तेमाल खूबसूरती के लिए भी किया जाता है।
त्वचा को निखारने के लिए आपने कई तरह के उपाय किए होंगे लेकिन क्या आपने कभी दही को आज़माया है? अगर नहीं किया तो आपको बता दें कि त्वचा का रंग निखारने से लेकर उसके पोषण तक के लिए आप दही पर भरोसा कर सकती हैं। यहां तक कि ऐसा पाया गया है कि त्वचा से जुड़ी हर समस्या के लिए दही बेहद कारगर साबित होता है।
दही काले धब्बों से लेकर बढ़ती उम्र के लक्षणों और मुंहासों को भी ठीक करने में काफी मददगार होता है। आप दही में शहद या हल्दी जैसी चीज़ें मिलाकर इसको और फायदेमंद बना सकते हैं। इसके अलावा दही में नींबू, टमाटर और खीरे का रस जैसी चीज़ें भी मिला सकते हैं।
कैसे फायेमंद है दही
दही में मौजूद लैक्टिक एसिड के अलावा ज़िंक और कई मिनरल आपकी त्वचा के लिए काफी फायदेमंद होते हैं। ये सभी मिलकर आपको पिंपल से लेकर दाग-धब्बों और झुर्रियों जैसी कई परेशानियों से छुटकारा दिलाते हैं।
ऐसे करें इस्तेमाल
1. दाग-धब्बों से परेशान हैं तो इन्हें ख़त्म करने के लिए आप नींबू और दही से बने पेस्ट का इस्तेमाल करें। इसके लिए एक बड़े चम्मच दही में आधा छोटा चम्मच नींबू का रस मिलाकर चेहरे पर लगा लें और सूखने पर धो लें। अगर स्किन में कोई एलर्जी हो, तो इसका इस्तेमाल न करें क्योंकि नींबू से उल्टा रिएक्शन हो सकता है।
2. झुर्रियों के लिए आप दही और बेसन का इस्तेमाल करें। दो बड़े चम्मट दही में एक बड़ा चम्मच बेसन मिलाकर पेस्ट तैयार करें। इसे अपने चेहरे पर एक समान लगा लें। सूखने पर धो लें। हफ्ते में दो बार इसका इस्तेमाल करें।
3. दही में शहद मिलाकर हफ्ते में हर दूसरे दिन चेहरे पर लगाएं। एक बड़े चम्मच दही में एक छोटा चम्मच शहद मिलाकर चेहरे पर लगाएं। 5 मिनट बाद धो लें। इस पैक से आपकी त्वचा को नमी मिलेगी और वह कोमल और मुलायम बन जाएगी।
4. डार्क सर्कल्स से छुटकारा पाने के लिए दही काफी असरदार होता है। ये एक बेहतरीन आई क्रीम साबित हो सकता है। सोने से पहले रात में इसे अंडर आई एरिया और डार्क सर्कल पर अच्छी तरह लगाएं। सूखने पर धो लें। ये स्किन लाइटनिंग एजेंट होता है।
5. पिंपल्स को दूर करने के लिए दही का इस्तेमाल करें। चेहरे को अच्छी तरह धोकर पोंछ लें। अब दही को रूई या उंगलियों की मदद से पिंपल पर अच्छी तरह लगाएं। ध्यान रखें एक ही रूई का बार-बार इस्तेमाल न करें। सुबह उठकर इसे धो लें।