विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Odisha-Jharkhand Rail Route: रेलवे ट्रैक पर डटा जंगली हाथियों का झुंड, 10 यात्री ट्रेनें 3 घंटे तक फंसीं

Published: Sun, 25 Oct 2026 07:37 PM (IST)

चक्रधरपुर रेल मंडल के हावड़ा-मुंबई और रांची-बंडामुंडा रेल मार्गों पर जंगली हाथियों के झुंड के कारण रेल परिचालन प्रभावित हुआ।

सुरक्षा के मद्देनजर 10 यात्री ट्रेनें 1 से 3 घंटे तक विभिन्न स्टेशनों पर खड़ी रहीं, जिससे यात्रियों को परेशानी हुई।

सुरक्षा के मद्देनजर 10 यात्री ट्रेनें 1 से 3 घंटे तक विभिन्न स्टेशनों पर खड़ी रहीं, जिससे यात्रियों को परेशानी हुई।

HighLights

  1. हाथियों के झुंड से रेल परिचालन बुरी तरह प्रभावित।

  2. 10 यात्री ट्रेनें 1 से 3 घंटे तक रुकीं।

  3. वन विभाग हाथियों को हटाने में जुटा।

जागरण संवाददाता, चक्रधरपुर । चक्रधरपुर रेल मंडल अंतर्गत हावड़ा-मुंबई मुख्य रेल मार्ग के बंडामुंडा रेलखंड और रांची-बंडामुंडा रेल मार्ग पर जंगली हाथियों के झुंड के आ जाने से रेल परिचालन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। 
 
बंडामुंडा के ए-केबिन से डी-केबिन और पी-केबिन से ए-केबिन के बीच शनिवार रात 10:45 बजे से रविवार सुबह 07:00 बजे तक तथा रांची-बंडामुंडा रेल मार्ग पर बांगुरकेला और नुआगांव के बीच देर रात 12:45 बजे से सुबह 07:00 बजे तक हाथियों का झुंड पटरी के आसपास डटा रहा।
 

1 से 3 घंटे तक खड़ी रहीं 10 यात्री ट्रेनें 

ट्रैक के पास हाथियों की मौजूदगी के कारण सुरक्षा के लिहाज से 10 प्रमुख यात्री ट्रेनों को अलग-अलग स्टेशनों पर 1 से 3 घंटे तक रोक कर रखना पड़ा। लंबी अवधि तक ट्रेनें खड़ी रहने से यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
 

कॉशन ऑर्डर जारी, वन विभाग की टीम मुस्तैद 

रेलवे ने यात्री सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस रेलखंड में तुरंत कॉशन ऑर्डर जारी किया है। इसके तहत चालकों को अधिकतम 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ट्रेनें चलाने का निर्देश दिया गया है। 
 
इधर, राउरकेला वन विभाग की टीम हाथियों को सुरक्षित तरीके से पटरियों से दूर खदेड़ने के प्रयास में जुटी है, हालांकि हाथियों का झुंड हटने को तैयार नहीं है।
 

ये ट्रेनें हुईं प्रभावित:

  • 18403 भुवनेश्वर - धनबाद एक्सप्रेस
  • 13352 एलेप्पी - धनबाद एक्सप्रेस
  • 18404 धनबाद - भुवनेश्वर एक्सप्रेस
  • 18110 इतवारी - टाटानगर एक्सप्रेस
  • 22805 भुवनेश्वर - आनंद विहार टर्मिनल एक्सप्रेस
  • 18006 जगदलपुर - हावड़ा समलेश्वरी एक्सप्रेस
  • 18030 शालीमार - मुंबई एलटीटी एक्सप्रेस
  • 20822 संतरागाछी - पुणे हमसफर एक्सप्रेस
  • 17321 वास्को द गामा - जसीडीह एक्सप्रेस
  • 12949 पोरबंदर - संतरागाछी कवि गुरु एक्सप्रेस