Move to Jagran APP

पत्थलगड़ी का मास्टरमाइंड विजय कुजूर गिरफ्तार

एसपी ने कहा, विजय कुजूर आदिवासी महासभा से जुड़ा है और पत्थलगड़ी का मास्टर माइंड है।

By Sachin MishraEdited By: Published: Mon, 19 Mar 2018 04:43 PM (IST)Updated: Mon, 19 Mar 2018 04:43 PM (IST)
पत्थलगड़ी का मास्टरमाइंड विजय कुजूर गिरफ्तार
पत्थलगड़ी का मास्टरमाइंड विजय कुजूर गिरफ्तार

जासं, सरायकेला। सरायकेला-खरसावां जिले की पुलिस ने पत्थलगड़ी अभियान के मास्टरमाइंड विजय कुजूर को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है। यह जानकारी सरायकेला थाने में प्रेसवर्ता में पुलिस अधीक्षक चंदन कुमार सिन्हा ने दी। एसपी ने बताया कि 50 वर्षीय विजय कुजूर रांची जिले के नामकुम का रहने वाला है। कोलकाता स्थित शिपिंग कारपोरेशन ऑफ इंडिया में महाप्रबंधक के पद पर कार्यरत है। उसकी पत्नी सरोज लकड़ा जमशेदपुर में टाटा स्टील के स्पोर्टस विभाग में कार्यरत है।

loksabha election banner

एसपी ने कहा, विजय कुजूर आदिवासी महासभा से जुड़ा है और पत्थलगड़ी का मास्टर माइंड है। राज्य में हो रही पत्थलगड़ी की घटनाओं में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका है। विजय कुजूर वाट्सएप के जरिए मैसेज दे कर हिंसात्मक आह्वान करता है। एसपी ने बताया कि सरायकेला-खरसावां जिले के ईचागढ़ थाना क्षेत्र के जामडोहा और काठजोडा में हुई पत्थलगड़ी की घटनाओं के पीछे विजय कुजूर का हाथ रहा है। इस घटना को लेकर उसके विरुद्ध प्राथमिकी भी दर्ज की गई थी। पुलिस को तभी से उसकी तलाश थी। सरायकेला-खरसावां जिले के अलावा खूंटी पुलिस को भी पत्थलगड़ी के मामले में विजय कुजूर की तलाश थी। दोनों जिले की पुलिस के पास गिरफ्तारी वारंट था। गिरफ्तार विजय को पुलिस ने रविवार को न्यायिक दंडाधिकारी के समक्ष पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

एसपी के अनुसार, विजय कुजूर एक माह से कोलकाता स्थित अपने दफ्तर से फरार था। इधर-उधर छुपकर रह रहा था। जिला पुलिस की टीम टोह में थी। गुप्त सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने दिल्ली जाकर उसे दबोच लिया।एसपी ने बताया कि पत्थलगड़ी मामले में बबिता कच्छप की भी तलाश है। वह फरार है। वहीं ज्योति लाल बेसरा और शक्तिपद हांसदा को पहले ही गिरफ्तार कर पुलिस जेल भेज चुकी है। एसपी के अनुसार, विजय को शनिवार रात महिपालपुर में गिरफ्तार किया गया।

रविवार को उसे पुलिस सरायकेला लेकर पहुंची। एसपी के अनुसार, विजय कुजूर ने बताया है कि वह लोगों को ग्रामसभा में पत्थलगड़ी के लिए उकसाने का काम करता था। गांव-गांव में ग्रामसभा आयोजित कर लोगों को पत्थलगड़ी अभियान से जोड़ता था। एसपी द्वारा यह पूछे जाने पर कि बिना ग्रामसभा के गांव में नक्सलियों को कैसे घुसने दिया जाता है, जो गांव में आकर लोगों की हत्या करते हैं। इस पर विजय कुजुर ने बताया- वह षडयंत्रकारी के इशारे पर कार्य करता है और उनके ही दिशा-निर्देश पर गांवों में जाकर पत्थलगड़ी अभियान चलाता है।

पकड़ने वाली पुलिस टीम

विजय कुजूर की गिरफ्तारी टीम में चांडिल पुलिस निरीक्षक सिया शरण प्रसाद, आरआइटी थाना प्रभारी अंजनी कुमार व आदित्यपुर के अवर पुलिस निरीक्षक अविनाश कुमार शामिल थे।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.