नक्सलियों ने खेला खूनी खेल, दो लोगों को घर से निकालकर हाथ बांधा; फिर सिर में मार दी गोली Chaibasa News
पश्चिमी सिंहभूम के सोनुवा थाना क्षेत्र में दो ग्रामीणों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। नक्सलियों ने वारदात को अंजाम दिया। मारे गए दोनों ग्रामीण पूर्व में नक्सली संगठन से जुड़े थे।
चक्रधरपुर/ सोनुवा (पश्चिमी सिंहभूम), जेएनएन। पश्चिम सिंहभूम के पोड़ाहाट जंगल में माओवादियों ने अपने ही संगठन से जुड़े पूर्व सदस्यों की गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी। घटना सोनुवा थाना क्षेत्र के माइलपीड़ गांव की है।
बताया जाता है कि मंगलवार रात आठ बजे माओवादी नेता जीवन कंडुलना दस्ते के चार हथियारबंद माओवादी नक्सली वर्दी में सबसे पहले पूर्व माओवादी 25 वर्षीय बागुन बोदरा के घर पहुंचे। वहां से बागुन बोदरा को अपने साथ दूसरे पूर्व माओवादी 35 वर्षीय डांगो मुंडा के घर ले गए। डांगो मुंडा के घर पर माओवादियों ने डांगो मुंडा सहित बागुन बोदरा को बंधक बनाकर दोनों के हाथ पीछे से बांध दिए। इसके बाद दोनों के पास की दुकान के पास ले जाकर दोनों के सिर पर गोली मारकर हत्या कर दी।
हत्या कर निकल गए जंगल
हत्या के बाद चारों वर्दीधारी माओवादी मौके से वापस जंगल की ओर लौट गए। बुधवार सुबह इस घटना की सूचना ग्रामीणों के द्वारा पुलिस को मिलने पर पुलिस दलबल के साथ घटना स्थल पहुंची। घटनास्थल पहुंचकर सोनुवा थाना प्रभारी कुलदीप कुमार और सर्किल इंस्पेक्टर अंजनी कुमार ने शव को बरामद किया और ग्रामीणों से पूरे मामले की जानकारी ली। दोनों के शव को सोनुवा लाया गया। जहां से दोनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए चक्रधरपुर भेजने की तैयारी है।
संगठन छोड़ने से नाराजगी में उठाया कदम
दोनों की हत्या क्यों की गयी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। लेकिन पश्चिम सिंहभूम के एसपी इंद्रजीत महथा ने कहा कि माओवादियों ने ही अपने पुराने साथियों की हत्या की है। माना जा रहा है कि माओवादियों को बागुन बोदरा और डांगो मुंडा पर संगठन छोड़ने के बाद संगठन के विरुद्ध काम करने का शक था। इसी शक में दोनों की हत्या की गई होगी। बहरहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच और इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।