टाटा स्टील का ठेका सुपरवाइजर सड़क किनारे अचेत अवस्था में मिला
पांच दिन से लापता टाटा स्टील में ठेका सुपरवाईजर के पद पर कार्यरत प्रशांत गौड़ शुक्रवार को बेहोशी की हालत में नोवामुंडी स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप के पास मिला है।
संवाद सूत्र, नोवामुंडी : पांच दिन से लापता टाटा स्टील में ठेका सुपरवाईजर के पद पर कार्यरत प्रशांत गौड़ शुक्रवार को बेहोशी की हालत में नोवामुंडी स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप के पास मिला है। पुलिस ने उसे नोवामुंडी टाटा स्टील अस्पताल में भर्ती कराया है। चिकित्सक ने उसकी स्थिति को देखते हुए आइसीयू में रखा। इसके बाद उसे जमशेदपुर के टाटा मेन हॉस्पिटल भेज दिया है। प्रशांत के परिवार वालों ने बताया कि प्रशांत लक्ष्मणसाई बस्ती का रहने वाला है। वो टाटा स्टील के अधीन बॉटमबीन प्लांट में चल रहे कृष्णा इंटरप्राइजेज ठेका कंपनी में सुपरवाईजर है। बीते सोमवार को वह रिश्तेदारों से मिलने के लिए कोटगढ़ गया था। उसके बाद दोबारा घर नहीं लौटा। गुरुवार तक जब प्रशांत नहीं लौटा तो स्थानीय थाने में सूचना दी गई। काफी खोजबीन भी की गई परंतु कहीं पता नहीं चला। शुक्रवार को दोपहर लगभग दो बजे सभी लोग मिलकर सड़क किनारे खोजबीन करते हुए रिलायंस पेट्रोल पंप के पास पहुंचे। यहां सड़क किनारे झाड़ी के किनारे प्रशांत बेहोशी हालत में मिला। उसके चेहरे, सिर, हाथ व पैर में हल्की चोट के निशान हैं। युवक की हालत देखकर बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर टीएमएच रेफर कर दिया गया है। घटना कैसे हुई इसका पता नहीं चल पाया है। युवक के होश में आने के बाद ही सब कुछ स्पष्ट हो जाएगा।