बास्केटबॉल पुरुष में करीम सिटी व महिला में वूमेंस कॉलेज चैंपियन
कोल्हान विश्वविद्यालय की ओर से आयोजित अंतर महाविद्यालय बास्केटबॉल प्रतियोगिता का फाइनल गुरुवार को खेला गया।
संवाद सहयोगी, चाईबासा : कोल्हान विश्वविद्यालय की ओर से आयोजित अंतर महाविद्यालय बास्केटबॉल प्रतियोगिता का फाइनल गुरुवार को खेला गया। टाटा कॉलेज मैदान में आयोजित प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग में करीम सिटी कॉलेज जमशेदपुर ने को-ऑपरेटिव कॉलेज जमशेदपुर को हराकर विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया। जबकि बालिका वर्ग में वूमेंस कॉलेज जमशेदपुर ने करीम सीटी कॉलेज जमशेदपुर को हराकर खिताब अपने नाम किया। विजेता व उप विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार कोल्हान विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ. शुक्ला मोहंती के द्वारा प्रदान किया गया। इस मौके पर वीसी डॉ. शुक्ला ने कहा कि खेल जीवन का अभिन्न अंग है, खेल जीवन में हार-जीत से उभरने का गुण प्रदान करता है। हम कभी भी जीवन के कई ऐसे मोड़ में फंस जाते हैं तो उस समय हमारा खेल ही हमें हिम्मत देता है कि हार के बाद हम फिर से जीत सकते हैं। पहले जमाने में खेल को इस क्षेत्र में ज्यादा महत्व नहीं दिया जाता था, लेकिन वर्तमान समय में यह सबसे बड़ा ग्लैमर हो गया है। खिलाड़ी अपने खेल के बदौलत पहचान के साथ पैसा भी कमा सकते हैं। खेल कॅरियर में आगे बढ़ने का सबसे अच्छा साधन आज हो चुका है। इसका उदाहरण आज हम सबके सामने महेन्द्र सिंह धौनी के रूप में हैं। महेंद्र सिंह धौनी आइएएस, आइपीएस भी होते तो इतनी उंचाई तक नहीं पहुंच सकते थे जितना उन्हें खेल की बदौलत पहचान मिली है।