प्रतियोगिता में डीएवी गुवा के बच्चों ने किया उम्दा प्रदर्शन
दयानंद एंग्लो वैदिक पब्लिक स्कूल गुवा के बच्चों ने जोनल लेवल डीएवी नेशनल गेम ब्वॉयज एथलीट की आयोजित प्रतियोगिता में बोकारो जिला डीएवी पब्लिक स्कूल ढोरी में उम्दा प्रदर्शन कर फिर से जिले में स्कूल की पहचान बनाई है।
संवाद सूत्र, गुवा : दयानंद एंग्लो वैदिक पब्लिक स्कूल गुवा के बच्चों ने जोनल लेवल डीएवी नेशनल गेम ब्वॉयज एथलीट की आयोजित प्रतियोगिता में बोकारो जिला डीएवी पब्लिक स्कूल ढोरी में उम्दा प्रदर्शन कर फिर से जिले में स्कूल की पहचान बनाई है। विजेता प्रतिभागियों को स्कूल के प्रार्थना सभा में स्कूल के प्राचार्य नागेश्वर पसायत ने मेडल पहना एवं रनरशिप शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया। विजेता प्रतिभागियों में वरीय समूह के प्रतियोगिता में छात्र रोहित जेराई ने 400 मीटर रेस एवं हाई जंप में स्वर्ण पदक हासिल किया। छात्र कपिल सांडिल ने शॉटपुट में रजत पदक एवं डिस्कस थ्रो में कांस्य पदक प्राप्त किया। छात्र रोहन जोंकों ने 800 मीटर दौड़ प्रतियोगिता में रजत पदक एवं 1500 मीटर दौड़ में कांस्य पदक हासिल किया। चार गुणा 400 मीटर रिले रेस प्रतियोगिता में रोहित जेराई, रोहन जोंको, प्रतुष गुप्ता एवं मैक्स भेंगरा ने संयुक्त रूप से कांस्य पदक हासिल किया। प्रतियोगिता में शामिल बच्चों ने स्कूल को ओवरऑल रनरशिप का शील्ड दिलाने में सफल रहकर विद्यालय को गौरवान्वित किया है। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य नागेश्वर पसायत ने कहा कि बच्चों में प्रतिभा की कमी नहीं है। बच्चों की छिपी प्रतिभा को तराशने की जरूरत है। बच्चों के लिए बेहतर ढंग से प्रयास किया जाए तो बच्चे भारत के मानचित्र पर गुवा की पहचान बना सकते हैं। इस अवसर पर उन्होंने विद्यालय के क्रीड़ा शिक्षक विनोद कुमार साहू के साथ-साथ बच्चों का प्रतियोगिता में प्रतिनिधित्व कर रहे शिक्षक बाल गोपाल सिंह एवं रजनी चौबे की भी सराहना की। बताया कि जोनल लेवल में सफल छात्र आगे नेशनल लेवल की प्रतियोगिता में शामिल होंगे।