SER Train Update: शालिमार-मुंबई समेत 6 ट्रेनों में लगेंगे एक्स्ट्रा कोच, रैक की कमी से बिलासपुर-टाटानगर एक्सप्रेस रद
दक्षिण पूर्व रेलवे ने आगामी त्योहारों और यात्रियों की भीड़ को देखते हुए 6 ट्रेनों में अस्थायी रूप से अतिरिक्त ...और पढ़ें

बिलासपुर रेल मंडल में रैक समय पर उपलब्ध न होने के कारण ट्रेन संख्या 18114 बिलासपुर-टाटानगर एक्सप्रेस का परिचालन 4 अक्टूबर को बिलासपुर से रद कर दिया गया है।
HighLights
प्रतीक्षा सूची वाले यात्रियों को मिलेगी कंफर्म सीट की सुविधा।
रैक की कमी से बिलासपुर-टाटानगर एक्सप्रेस रद्द हुई।
जासं, चक्रधरपुर। आगामी त्योहारों और यात्रियों की भीड़ को देखते हुए दक्षिण पूर्व रेलवे (SER) ने चक्रधरपुर रेल मंडल से गुजरने वाली एक और खड़गपुर रेल मंडल से गुजरने वाली 05 ट्रेनों में अस्थायी रूप से अतिरिक्त (Extra) कोच जोड़ने का निर्णय लिया है।
रेलवे के अनुसार, अतिरिक्त कोच लगने से प्रतीक्षा सूची (Waiting List) वाले यात्रियों को कन्फर्म सीट मिल सकेगी और उनका सफर आरामदायक होगा। यह विशेष व्यवस्था 4 अक्टूबर से 7 अक्टूबर तक लागू रहेगी।
इन ट्रेनों में बढ़ेंगी सीटें
- 18030 शालिमार - मुंबई LTT कुर्ला एक्सप्रेस: 4 से 7 अक्टूबर तक 1 अतिरिक्त थर्ड एसी (3rd AC) और 1 स्लीपर कोच लगाया जाएगा।
- 12837 हावड़ा - पुरी सुपरफास्ट एक्सप्रेस: 4 से 9 अक्टूबर तक 1 अतिरिक्त स्लीपर कोच जुड़ेगा।
- 12883 संतरागाछी - पुरूलिया रूपसी बंगला एक्सप्रेस: 4 अक्टूबर को 1 अतिरिक्त नॉन-एसी चेयर कार कोच रहेगा।
- 12884 पुरूलिया - संतरागाछी रूपसी बंगला एक्सप्रेस: 4 अक्टूबर को 1 अतिरिक्त नॉन-एसी चेयर कार कोच जोड़ा जाएगा।
- 18039 शालिमार - पुरी एक्सप्रेस: 4 अक्टूबर को 1 अतिरिक्त स्लीपर कोच लगाया जाएगा।
- 18045 शालिमार - चार्लापल्ली ईस्ट कोस्ट एक्सप्रेस: 4 से 7 अक्टूबर तक 1 अतिरिक्त थ्री-टियर स्लीपर कोच जुड़ेगा।
5 अक्टूबर को बिलासपुर-टाटानगर एक्सप्रेस रद
एक तरफ जहां रेलवे कई ट्रेनों में सीटें बढ़ा रहा है, वहीं दूसरी तरफ रैक (ट्रेन के डिब्बों) की अनुपलब्धता के कारण एक प्रमुख ट्रेन को रद भी किया गया है।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर रेल मंडल में रैक समय पर उपलब्ध न होने के कारण ट्रेन संख्या 18114 बिलासपुर-टाटानगर एक्सप्रेस का परिचालन 4 अक्टूबर को बिलासपुर से रद कर दिया गया है।
चूंकि बिलासपुर से 4 अक्टूबर को खुलने वाली यह ट्रेन अगले दिन चक्रधरपुर रेल मंडल पहुंचती है, इसलिए 5 अक्टूबर को चक्रधरपुर और टाटानगर क्षेत्र में इसका परिचालन पूरी तरह रद रहेगा।
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि स्टेशन के लिए निकलने से पहले वे एनटीईएस (NTES) ऐप या 139 हेल्पलाइन नंबर के ज़रिए अपनी ट्रेन की वर्तमान स्थिति (Live Status) अवश्य जांच लें।
