झारखंड समेत तीन राज्यों में वांछित एक करोड़ के इनामी नक्सली आकाश की संपत्ति जब्त
Naxalite. झारखंड समेत तीन राज्यों में वांछित एक करोड़ के इनामी नक्सली असीम मंडल उर्फ आकाश उर्फ तिमिर की संपत्ति जब्त कर ली गई है।
जागरण संवाददाता, घाटशिला (पूर्वी सिंहभूम)। स्थानीय न्यायालय के आदेश पर घाटशिला थाने की पुलिस ने झारखंड समेत तीन राज्यों में वांछित एक करोड़ के इनामी नक्सली असीम मंडल उर्फ आकाश उर्फ तिमिर की संपत्ति जब्त कर ली। पुलिस ने यह कार्रवाई शनिवार को पश्चिम बंगाल के पश्चिम मेदिनीपुर के चंद्रकोना में की। असीम मंडल पश्चिम बंगाल स्टेट कमेटी का महासचिव और सेंट्रल कमेटी का सदस्य है। उसके खिलाफ झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा के विभिन्न थानों में कई मामले दर्ज हैं। झारखंड पुलिस ने हार्डकोर नक्सली असीम मंडल पर एक करोड़ का इनाम घोषित कर रखा है।
कुर्की-जब्ती करने गई पुलिस अधिकारी ने बताया कि आकाश के परिजन को न्यायालय का आदेश दिखाया गया। परिजनों ने बताया कि उसके छह भाई है। सभी भाई अलग-अलग घर में रहते हैं। वह 30 वर्ष पहले ही घर छोड़ कर चला गया। उसके बाद से कोई संपर्क नहीं है। उसके बाद स्थानीय पुलिस की मदद से नक्सली के हिस्से की संपत्ति जब्त कर ली गई। उसका विरोध किसी ने नहीं किया।
गुड़ाबांदा, पटमदा व दामपाड़ा क्षेत्र में हैं सक्रिय
उसके दस्ते में 15-16 सदस्य हैं। वह झारखंड के सीमावर्ती क्षेत्र गुड़ाबांदा, पटमदा, दामपाड़ा समेत अन्य पहाड़ी क्षेत्रों में असीम कई घटनाओं को अंजाम दे चुका है। फिलहाल क्षेत्र में लगातार पुलिस व सीआरपीएफ के कॉबिंग ऑपरेशन के कारण असीम का दस्ता बैकफुट पर आ गया।
कान्हू मुंडा के सरेंडर के बाद बढ़ाई गतिविधि
15 फरवरी, 2017 को हार्डकोर नक्सली कान्हू मुंडा के आत्मसमर्पण के बाद आकाश ने क्षेत्र में कई घटनाओं को अंजाम देकर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। गत 11 जुलाई को एमजीएम थाना क्षेत्र के डालापानी में आकाश दस्ते के साथ सीआरपीएफ 193 बटालियन की मुठभेड़ हुई थी। जिसमें एक जवान शहीद हो गया था।