टुटुगुटू में सुनी गई ग्रामीणों की शिकायत
झींकपानी प्रखंड अंतर्गत टुटुगुटू पंचायत भवन में शुक्रवार को सरकार आपके द्वार कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
जागरण संवाददाता, चाईबासा : झींकपानी प्रखंड अंतर्गत टुटुगुटू पंचायत भवन में शुक्रवार को सरकार आपके द्वार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ देने के लिए पंचायत भवन में सभी विभागों का अलग-अलग स्टॉल लगाया गया था। मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं बाल विकास परियोजना पदाधिकारी के हाथों बच्चों का मुंहजुट्ठी कार्यक्रम भी हुआ। इस दौरान काफी संख्या में वृद्ध एवं विधवा महिलाओं व विकलांगों का पेंशन फॉर्म भी भरा गया। वहीं राशन कार्ड गड़बड़ी को सुधारा गया। जिन लोगों का नाम राशन कार्ड से छूट गया था उन लोगों का नाम इसमें जोड़ा गया। कार्यक्रम में उज्जवला योजना के तहत गैस कनेक्शन के लिए आवेदन भरा गया। वहीं आयुष्मान भारत के तहत गोल्डन कार्ड के लिए आवेदन जमा किया गया। कृषि से संबंधित भी कई सारी शिकायतें आई। मौके पर सदर अनुमंडलाधिकारी पारितोष ठाकुर, प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रभात रंजन चौधरी, अंचलाधिकारी राकेश दुबे, प्रखंड कृषि पदाधिकारी, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, प्रखंड चिकित्सालय पदाधिकारी, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, टुटुगुटू पंचायत की मुखिया दासमाती देवगम, केलेंडे पंचायत की मुखिया सारिता आल्डा, जोड़ापोखर मुखिया, सेविका, सहायिका, गांव के बुद्धिजीवी, समाजसेवी के अलावा काफी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।