विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

SAIL Bolani Mine Accident: शटडाउन के बावजूद कैसे आया करंट? हादसे की जांच में जुटी DGMS, 2 निलंबित

Published: Sun, 19 Jul 2026 09:06 PM (GMT+05:30)

ओडिशा के जोड़ा स्थित सेल की बोलानी खदान में शटडाउन के बावजूद बिजली आने से दो संविदाकर्मी गंभीर रूप से ...और पढ़ें

सेल की बोलानी लौह अयस्क खदान में शनिवार को करंट की चपेट में आने के बाद अस्‍पताल में इलाजरत घायल कर्मचारी।

सेल की बोलानी लौह अयस्क खदान में शनिवार को करंट की चपेट में आने के बाद अस्‍पताल में इलाजरत घायल कर्मचारी।

HighLights

  1. बोलानी खदान में शटडाउन के बावजूद बिजली आने से हादसा।

  2. दो संविदा श्रमिक गंभीर रूप से झुलसे, हालत चिंताजनक।

  3. लापरवाही के आरोप में दो अधिकारी निलंबित, डीजीएमएस जांच।

संवाद सूत्र, बड़बिल। ओडिशा के क्योंझर जिले के जोड़ा खनिज अंचल स्थित स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (SAIL) की बोलानी लौह अयस्क खदान में शनिवार को विद्युत हादसा हो गया। 
 
इस लापरवाही के लिए खान प्रबंधन ने त्वरित कार्रवाई की है। प्रबंधन ने विद्युत विभाग के प्रभारी सैफुद्दीन लस्कर और हिलटॉप क्षेत्र के चार्जमैन सच्ची बेहेरा को तत्काल सस्पेंड कर दिया है।
 
दूसरी ओर, हादसे में गंभीर रूप से झुलसे दोनों संविदा श्रमिकों की हालत अब भी चिंताजनक बनी हुई है। दोनों का इलाज भुवनेश्वर के एक निजी अस्पताल में चल रहा है।
 

शटडाउन के बावजूद दौड़ गया करंट, ऐसे हुआ हादसा

घटना शनिवार को बोलानी खदान के सीबीआरएस (CBRS) क्षेत्र में हुई, जहां 11 केवी (11 KV) हाई वोल्टेज विद्युत लाइन के रखरखाव (Maintenance) का कार्य चल रहा था। काम के लिए नियमानुसार बिजली का शटडाउन लिया गया था, लेकिन इसके बावजूद लाइन में अचानक करंट आ गया।

इसकी चपेट में आने से संविदा कंपनी बीएलएस एंटरप्राइजेज के अधीन कार्यरत दो श्रमिक मणि बस्ती निवासी दीपक नायक (19) और शांतिनगर निवासी बबलू मुंडा (25) गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए तुरंत भुवनेश्वर रेफर किया गया था।
 

पुलिस और DGMS ने शुरू की जांच, सुरक्षा पर उठे सवाल

इस गंभीर दुर्घटना के बाद जांच का दायरा बढ़ गया है। बोलानी थाना पुलिस ने मामले की एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं।

भुवनेश्वर स्थित खान सुरक्षा महानिदेशालय (DGMS) की एक विशेष तकनीकी टीम भी रविवार को बोलानी खदान पहुंची। टीम इस बात की गहन जांच कर रही है कि शटडाउन के बावजूद लाइन में बिजली का प्रवाह कैसे हुआ।

क्योंझर माइनिंग वर्कर्स यूनियन के उपाध्यक्ष लखनलाल ठाकुर ने सुरक्षा व्यवस्था में घोर लापरवाही का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि सेल जैसी महारत्न कंपनी में श्रमिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। 
 
उन्होंने इस हादसे की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों और ठेका एजेंसी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।