पश्चिमी सिंहभूम, जागरण संवाददाता: पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिला को कोल्हान नाम से अलग देश की मांग से जुड़े देशद्रोह के एक मामले में करीब छह साल से फरार चल रहे तीन लोगों को पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया है।
तीनों की गिरफ्तारी पश्चिमी सिंहभूम जिले के कुमारडुंगी थाना क्षेत्र से की गई है। देशद्रोह जैसे संगीन अपराध के मामले में गिरफ्तार आरोपियों में कुमारडुंगी थाना क्षेत्र के शिव चरण पिंगुवा, खड़बंध के नारायण पिंगुवा और धनसारी निवासी सरिम पाट पिंगुवा शामिल हैं। तीनों को चाईबासा मंडलकारा भेज दिया गया है।
तीनों कोल्हान अलग राष्ट्र की मांग करने वाले रामो बिरुवा के सहयोगी थे। रामो बिरूवा ने अलग कोल्हान देश की मांग को लेकर खूंटपानी प्रखंड के पांड्राशाली के भोया गांव स्थित बिंदीबासा में 18 दिसंबर 2017 को सुबह 11 बजकर 11 मिनट पर अलग देश का झंडा फहराने की घोषणा की थी।
तब प्रशासन ने इस कार्यक्रम पर रोक लगा दी थी। इसके बावजूद रामो और उसके समर्थक सभा की तैयारी में जुटे रहे। इस बीच पुलिस ने धारा 144 लगाते हुए कार्यक्रम स्थल से मंच को हटा दिया था।
यह भी पढ़ें: विधायक इरफान अंसारी से ED ने की 9 घंटे तक पूछताछ, बोले- कभी सरकार गिराने की साजिश नहीं की, मुझे बदनाम किया गया