नोवामुंडी में शराब के नशे में विवाद के बाद पत्नी ने धारदार हथियार से की पति की हत्या, आरोपी हिरासत में
पश्चिमी सिंहभूम के नोवामुंडी में शराब के नशे में हुए विवाद के बाद एक पत्नी ने धारदार हथियार से अपने ...और पढ़ें

घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के आरोप में मृतक की दूसरी पत्नी दमयंती को संदेह के आधार पर हिरासत में ले लिया है।
HighLights
नोवामुंडी में पत्नी ने धारदार हथियार से पति की हत्या की।
शराब के नशे में हुए विवाद के बाद हुई यह घटना।
पुलिस ने आरोपी पत्नी दमयंती को हिरासत में लिया है।
संसू, नोवामुंडी। पश्चिमी सिंहभूम जिले के नोवामुंडी थाना क्षेत्र अंतर्गत डुरगुसाई गांव में शनिवार देर रात पति-पत्नी के बीच हुए खूनी विवाद में एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई।
मृतक की पहचान 45 वर्षीय सुको दास के रूप में हुई है। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के आरोप में मृतक की दूसरी पत्नी दमयंती को संदेह के आधार पर हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ कर रही है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार की देर रात सुको दास और उसकी पत्नी दमयंती के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई। बताया जा रहा है कि घटना के वक्त दोनों शराब के नशे में धुत थे।
देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आपे से बाहर हुई दमयंती ने घर में रखे धारदार हथियार से सुको दास के सिर पर जोरदार वार कर दिया।
सिर पर गंभीर चोट लगने से सुको दास लहूलुहान होकर गिर पड़ा। इसके बाद आरोपी महिला ने उसे सड़क किनारे झाड़ियों में फेंक दिया, जहां अत्यधिक खून बह जाने के कारण देर रात ही उसकी मौत हो गई।
रविवार सुबह घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीण मुंडा मनवीर देव सुरेन ने तुरंत नोवामुंडी थाना पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही एएसआई पूर्णिमा कुमारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं और शव को कब्जे में लिया।
पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल चाईबासा भेज दिया है। साथ ही घटनास्थल से हत्या में इस्तेमाल किया गया धारदार हथियार भी बरामद कर लिया गया है।
ग्रामीणों ने बताया कि सुको दास अपनी पहली पत्नी को छोड़कर दमयंती के साथ रह रहा था। दोनों को शराब पीने की लत थी और आए दिन नशे की हालत में उनके बीच मारपीट और झगड़ा होता रहता था। पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
