विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नोवामुंडी में हत्या के बाद खून पर भूसी डालकर उसी के पास सो गया कातिल, सुबह नींद से जगाकर पुलिस ने दबोचा

Published: Mon, 26 Oct 2026 06:31 PM (IST)

नोवामुंडी के पोखरपी गांव में एक सिरफिरे ने 18 वर्षीय चरवाहे कानू लागुरी की चाकू और कुल्हाड़ी से हत्या कर ...और पढ़ें

पुलिस ने झाड़ियों के बीच नाली से शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा सदर अस्पताल भेज दिया है।

पुलिस ने झाड़ियों के बीच नाली से शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा सदर अस्पताल भेज दिया है।

HighLights

  1. आरोपी ने खून पर भूसी डालकर पास ही सो गया।

  2. पुलिस ने आरोपी गुलाय खंडाइत को नींद से जगाकर पकड़ा।

संवाद सूत्र, नोवामुंडी। पश्चिमी सिंहभूम जिले के जेटेया थाना क्षेत्र अंतर्गत पोखरपी गांव में एक सिरफिरे ने 18 वर्षीय चरवाहे की चाकू और कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी। 
 
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खून के धब्बों पर भूसी डाल दी और पास ही खटिया बिछाकर सो गया। सोमवार सुबह पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को नींद से जगाकर हिरासत में ले लिया।
 
मृतक की पहचान कानू लागुरी के रूप में हुई है, जबकि आरोपी की पहचान कुमारडुंगी थाना क्षेत्र के गुलाय खंडाइत के रूप में की गई है। 
 
पुलिस ने झाड़ियों के बीच नाली से शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा सदर अस्पताल भेज दिया है। मृतक के सिर, चेहरे और गर्दन पर धारदार हथियार से गहरे वार के निशान मिले हैं। 
 
पुलिस ने मौके से खून से सना चाकू और कुल्हाड़ी जब्त कर ली है। मकान मालिक मुगा लागुरी ने पुलिस को बताया कि उन्होंने कानू को बचपन से पाल-पोसकर बड़ा किया था और उसे बैल चराने की जिम्मेदारी दी थी। 
 
आरोपी गुलाय खंडाइत करीब एक सप्ताह पहले ही उनके घर आकर ठहरा था। रविवार को मुगा लागुरी अपनी पत्नी अनिता के साथ भुवनेश्वर स्थित बेटी के कॉलेज में शिक्षक-अभिभावक बैठक में शामिल होने गए थे। 
 
इस दौरान घर पर केवल कानू और गुलाय ही थे, तभी यह वारदात हुई। सोमवार सुबह ग्रामीणों से सूचना मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को धर दबोचा। 
 
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है, हालांकि हत्या के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो सका है। 
 
पुलिस ने मकान मालिक के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में चाईबासा न्यायालय भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।