नशाखुरानी के शिकार व्यक्ति को पुलिस ने पहुंचाया घर
नशाखुरानी का शिकार एक व्यक्ति सोमवार को भटककर गुवा सेल की खदान पहुंच गया। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के जवानों की नजर उसपर पड़ी तो उन्होंने उसे नक्सली समझकर पुलिस को सुपुर्द कर दिया।
संवाद सूत्र, नोवामुंडी : नशाखुरानी का शिकार एक व्यक्ति सोमवार को भटककर गुवा सेल की खदान पहुंच गया। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के जवानों की नजर उसपर पड़ी तो उन्होंने उसे नक्सली समझकर पुलिस को सुपुर्द कर दिया। थाने में पूछताछ के दौरान हकीकत सामने आई। उसने अपने को बोकारो जिले के रहने वाले करमचंद ¨सह नाम बताया। पुलिस की छानबीन में बात सच निकली। गुवा पुलिस ने उसे घर पहुंचा दिया है। करमचंद ¨सह ने बताया कि वह अपने दोस्तों के साथ मजदूरी करने बेंगलुरु गया था। कुछ दिनों तक मजदूरी करने के बाद गांव लौटने के दौरान राउरकेला स्टेशन के समीप वह नशाखुरानी गिरोह का शिकार बन गया। उसे बेहोशी की हालत में किसी ने स्टेशन समीप छोड़ दिया था। नशाखुरानी गिरोह के सदस्य ने जाते-जाते उसके सामान समेत बैग को भी ले गए। होश आने के बाद उसने देखा तो उसकी जेब से पैसा व उसका बैग गायब था। वह किसी तरह जंगल में भटकते-भटकते छोटानागरा के रास्ते गुवा पहुंच गया। भूखे-प्यासे गुवा पहुंचने में उसे 5 दिन का समय लग गया। थाना प्रभारी संजय कुमार ने सबसे पहले उसकी हालत देखकर उसे भोजन कराया। उसके बाद उसकी मरहम पट्टी कराई गई। थाना प्रभारी संजय कुमार ने सवारी गाड़ी में सफर करने वाले यात्रियों को नशाखुरानी गिरोह द्वारा दिए जाने वाले किसी भी तरह के खाद्य पदार्थ सेवन नहीं करने की सलाह दी है।