मुकेश को मिली चाईबासा नगर अध्यक्ष की कमान
झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से मुकेश कुमार को कांग्रेस का चाईबासा नगर अध्यक्ष मनोनीत किया गया है। मंगलवार को जिला कमेटी की ओर से एक कार्यक्रम आयोजित कर नव मनोनीत सदस्य का स्वागत किया गया।
जासं, चाईबासा : झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से मुकेश कुमार को कांग्रेस का चाईबासा नगर अध्यक्ष मनोनीत किया गया है। मंगलवार को जिला कमेटी की ओर से एक कार्यक्रम आयोजित कर नव मनोनीत सदस्य का स्वागत किया गया। कार्यकारी जिलाध्यक्ष अंबर राय चौधरी एवं रंजन बोयपाई ने कांग्रेस भवन चाईबासा में मिठाई खिलाकर और माला पहनाकर मुकेश को बधाई दी। नगर अध्यक्ष मुकेश कुमार का राजनीतिक जीवन काफी लंबा रहा है। पूर्व में कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष पद पर भी पार्टी की सेवा की है। साथ ही संसदीय चुनाव में काफी महती भूमिका इनके द्वारा निभाई गई थी। पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष नीला नाग के साथ नगर परिषद के माध्यम से चाईबासा शहर के विकास में इन्होंने काफी संघर्ष किया है। सांसद गीता कोड़ा एवं मधु कोड़ा ने नगर क्षेत्र में कार्य करने के अनुभव को देख कर ही चाईबासा नगर में कांग्रेस की मजबूती प्रदान करने के लिए नगर अध्यक्ष के रूप में इन्हें कमान सौंपा है। मौके पर महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष सह सांसद प्रतिनिधि नीला नाग, सांसद प्रतिनिधि राज कुमार रजक, विकास वर्मा, त्रिशानु राय, जितेंद्र नाथ ओझा, तुरी सुंडी, राकेश सिंह, नीरज कुमार झा, राजेश दास, सुशील कुमार दास, नारायण निषाद आदि उपस्थित थे।