मनोहरपुर में बर्तन व्यापारी से 50 हजार की लूट, पेट में गोली लगने पर भी व्यापारी ने लुटेरे को दबोचा
पश्चिमी सिंहभूम के मनोहरपुर में दो नकाबपोश अपराधियों ने एक बर्तन व्यापारी से 50 हजार रुपये लूट लिए। गोली लगने ...और पढ़ें

मनोहरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सिमीरता गांव में गंभीर रूप से घायल व्यापारी ने हिम्मत दिखाते हुए लुटेरे को दबोच लिया।
HighLights
मनोहरपुर में बर्तन व्यापारी से 50 हजार रुपये की लूट।
पेट में गोली लगने पर भी व्यापारी ने लुटेरे को दबोचा।
ग्रामीणों ने पकड़े गए अपराधी को पुलिस के हवाले किया।
जागरण संवाददाता, मनोहरपुर। पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सिमीरता गांव में शनिवार रात दुस्साहसिक वारदात सामने आई।
बाइक से आए दो नकाबपोश अपराधियों ने एक बर्तन व्यापारी से करीब 50 हजार रुपये लूट लिए। वारदात के दौरान खुद को घिरता देख एक अपराधी ने व्यापारी के पेट में गोली मार दी।
इसके बावजूद गंभीर रूप से घायल व्यापारी ने हिम्मत दिखाते हुए लुटेरे को दबोच लिया। पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद निवासी सुरजीत दास (39) अपने साले संजय दास और साथी कृष्णा प्रामाणिक के साथ सिमीरता गांव में किराए का मकान लेकर बर्तन (डेकची) का कारोबार करते हैं।
शनिवार रात करीब 9:30 बजे दो नकाबपोश अपराधी बाइक से दुकान पहुंचे। अपराधियों ने अंदर घुसते ही दुकान का शटर गिरा दिया और कट्टे की नोक पर लगभग 50 हजार रुपये नकद लूट लिए।
रुपये लूटने के बाद दोनों अपराधी बाहर भागने लगे। इसी दौरान सुरजीत दास ने हिम्मत दिखाते हुए एक लुटेरे को पकड़ लिया। खुद को फंसता देख लुटेरे ने सुरजीत के पेट में गोली दाग दी, जिससे वे लहूलुहान होकर गिर पड़े।
इसके बावजूद सुरजीत ने आरोपी की पकड़ ढीली नहीं होने दी। इस बीच दूसरा आरोपी लूट की रकम लेकर बाइक से फरार हो गया।
गोली की आवाज और शोर सुनकर स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने पकड़े गए आरोपी को रस्सी से बांध दिया और तुरंत मनोहरपुर पुलिस को सूचना दी।
- आरोपी की पहचान: पकड़ा गया अपराधी मनोहरपुर थाना क्षेत्र के धानापाली गांव का निवासी है, जो दो-चार दिन पहले ही सिमडेगा जेल से जमानत पर बाहर आया था।
- हथियार जब्त: पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को हिरासत में लिया और घटनास्थल से एक पिस्तौल व मैगजीन बरामद की।
पुलिस ने गंभीर रूप से घायल व्यापारी सुरजीत दास और ग्रामीणों द्वारा पकड़े गए आरोपी दोनों को तत्काल इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया है।
मनोहरपुर पुलिस मामला दर्ज कर फरार आरोपी की गिरफ्तारी और लूटी गई रकम की बरामदगी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
