दक्षिण भारत जाने वाले रेल यात्रियों को बड़ी सौगात! अब मनोहरपुर स्टेशन पर रुकेगी टाटानगर-एर्नाकुलम एक्सप्रेस
सिंहभूम की सांसद जोबा माझी के प्रयासों से मनोहरपुर स्टेशन पर टाटानगर-एर्नाकुलम एक्सप्रेस के प्रायोगिक ठहराव को रेलवे बोर्ड ने ...और पढ़ें

टाटानगर-एर्नाकुलम एक्सप्रेस को प्रायोगिक तौर पर मनोहरपुर स्टेशन पर रोकने की मंजूरी दी गई है।
HighLights
टाटानगर-एर्नाकुलम एक्सप्रेस का मनोहरपुर में प्रायोगिक ठहराव मंजूर।
सांसद जोबा माझी के प्रयासों से पूरी हुई क्षेत्रीय मांग।
दक्षिण भारत जाने वाले यात्रियों को मिलेगी अब सुविधा।
जागरण संवाददाता, चक्रधरपुर। सिंहभूम की सांसद जोबा माझी के निरंतर प्रयासों से मनोहरपुर एवं आसपास के रेल यात्रियों को एक बड़ी सौगात मिलने जा रही है।
क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को रेलवे बोर्ड ने स्वीकार कर लिया है। बोर्ड ने टाटानगर-एर्नाकुलम एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 18189/18190) का मनोहरपुर स्टेशन पर प्रायोगिक आधार पर ठहराव (स्टॉपेज) स्वीकृत किया है।
27 अगस्त को रेलवे बोर्ड ने जारी किया आधिकारिक आदेश
रेलवे बोर्ड के संयुक्त निदेशक (कोचिंग) राजेश कुमार द्वारा जारी आदेश के अनुसार, 18189/18190 टाटानगर-एर्नाकुलम एक्सप्रेस को प्रायोगिक तौर पर मनोहरपुर स्टेशन पर रोकने की मंजूरी दी गई है।
बोर्ड ने दक्षिण पूर्व रेलवे और संबंधित रेल जोनों को निर्देश दिया है कि यथाशीघ्र सुविधाजनक तिथि तय कर ट्रेन का ठहराव शुरू कराया जाए।
साथ ही, यात्रियों की जानकारी के लिए टिकट बुकिंग काउंटरों और डिस्प्ले बोर्ड्स पर इसकी सूचना व्यापक रूप से प्रदर्शित करने को कहा गया है।
सांसद की पहल से पूरी हुई क्षेत्रीय मांग
सांसद जोबा माझी ने 22 जनवरी 2026 को रांची में आयोजित सांसदों की मंडलीय समिति की बैठक में जीएम और डीआरएम के समक्ष इस मांग को प्रमुखता से उठाया था।
उन्होंने रेल अधिकारियों को अवगत कराया था कि मनोहरपुर, आनंदपुर, गोइलकेरा और सोनुवा क्षेत्र से बड़ी संख्या में लोग इलाज, शिक्षा, व्यापार और रोजगार के सिलसिले में दक्षिण भारत की यात्रा करते हैं।
ट्रेन का ठहराव न होने से लोगों को दूसरे दूर-दराज के स्टेशनों का रुख करना पड़ता था। इस निर्णय से पूरे पश्चिमी सिंहभूम क्षेत्र में खुशी की लहर है।
टाटानगर-एर्नाकुलम एक्सप्रेस का मनोहरपुर में ठहराव होने से अब मरीजों, विद्यार्थियों, मजदूरों और व्यापारियों को दक्षिण भारत जाने के लिए दूर के स्टेशनों तक जाने की भागदौड़ से मुक्ति मिलेगी।
स्थानीय निवासियों और सामाजिक संगठनों ने इस उपलब्धि के लिए सांसद जोबा माझी के प्रति आभार जताया है।
