KU Convocation: पहली बार मिलेगी QR कोड वाली वाटरप्रूफ-फायरप्रूफ स्मार्ट डिग्री; 224 विद्यार्थियों को मिलेगी उपाधि
कोल्हान विश्वविद्यालय का 7वां दीक्षांत समारोह 29 सितंबर को होगा, जिसमें 224 विद्यार्थियों को उपाधियां मिलेंगी। इस बार पहली बार क्यूआर कोड वाली वाटरप्रूफ-फायरप्रूफ स्मार्ट डिग्री दी जाएगी।

रविवार को आयोजित प्रेस वार्ता में कुलपति प्रो. (डॉ.) अंजिला गुप्ता ने दीक्षांत समारोह की तैयारियों का ब्योरा साझा किया।
HighLights
29 सितंबर को कोल्हान विश्वविद्यालय का 7वां दीक्षांत समारोह।
स्वर्ण पदक और पीएचडी में छात्राओं ने दिखाया दबदबा।
जागरण संवाददाता, चाईबासा । कोल्हान विश्वविद्यालय (KU) का 7वां दीक्षांत समारोह इस बार विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों के साथ-साथ तकनीकी आधुनिकता की नई इबारत लिखने जा रहा है।
29 सितंबर को विश्वविद्यालय परिसर स्थित वीर शहीद पोटो हो सभागार में आयोजित होने वाले इस भव्य समारोह में राज्यपाल-सह-कुलाधिपति संतोष कुमार गंगवार मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे।
समारोह में कुल 224 विद्यार्थियों को विभिन्न उपाधियों से नवाजा जाएगा। इस बार का दीक्षांत समारोह इसलिए भी खास है क्योंकि विश्वविद्यालय इतिहास में पहली बार विद्यार्थियों को क्यूआर कोड (QR Code) वाली आधुनिक स्मार्ट डिग्री प्रदान करने जा रहा है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में कुलपति ने दी तैयारियों की जानकारी
रविवार को आयोजित प्रेस वार्ता में कुलपति प्रो. (डॉ.) अंजिला गुप्ता ने दीक्षांत समारोह की तैयारियों और उपाधि वितरण का ब्योरा साझा किया।
उन्होंने बताया कि मुख्य समारोह सुबह 10:30 बजे शुरू होगा, जबकि सभी उपाधि प्राप्तकर्ताओं को सुबह 9:00 बजे तक सभागार में अनिवार्य रूप से उपस्थित होना होगा।
इस अवसर पर डीन अकादमिक अफेयर्स डॉ. संजय यादव, निदेशक एफिलिएटेड कॉलेज डॉ. प्रभात कुमार, परीक्षा नियंत्रक रिंकी दोराई तथा निदेशक एनएसएस सह मीडिया प्रवक्ता डॉ. मीनाक्षी मुंडा भी उपस्थित थीं।
स्वर्ण पदक और पीएचडी में छात्राओं का दबदबा
इस बार के दीक्षांत समारोह में बेटियों की उपलब्धि का दबदबा साफ नजर आ रहा है:
गोल्ड मेडल: कुल 26 स्वर्ण पदकों में से 15 छात्राओं और 11 छात्रों को मिलेंगे। इनमें पीजी सत्र 2023-25 के 23, एमएड के 1, बीएड के 1 और एमबीए सत्र 2022-24 के 1 विद्यार्थी शामिल हैं।
- पीएचडी उपाधि: कुल 39 शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि दी जाएगी, जिनमें 20 छात्राएं और 19 छात्र हैं।
- कुल उपलब्धि: स्वर्ण पदक और पीएचडी हासिल करने वाले कुल 65 मेधावी विद्यार्थियों में 35 बेटियां शामिल हैं।
एक नजर में दी जाने वाली उपाधियां
समारोह के दौरान कुल 224 उपाधियां बांटी जाएंगी, जिनका विवरण इस प्रकार है:
- स्वर्ण पदक (Gold Medals): 26
- पीएचडी (Ph.D.): 39
- स्नातकोत्तर (PG): 132
- एमएड (M.Ed.): 10
- पीजी मेडिकल डिप्लोमा: 17
क्यूआर कोड और हाइटेक सुरक्षा से लैस होगी स्मार्ट डिग्री
विश्वविद्यालय द्वारा दी जाने वाली नई डिग्री में फर्जीवाड़े को रोकने और डिजिटल सत्यापन को आसान बनाने के लिए अत्याधुनिक सुरक्षा फीचर्स शामिल किए गए हैं:
- डिजिटल सत्यापन: डिग्री पर प्रिंट क्यूआर कोड को स्कैन करते ही छात्र का शैक्षणिक रिकॉर्ड तुरंत सत्यापित हो जाएगा।
- सुरक्षा फीचर्स: डिग्री पूरी तरह से वाटरप्रूफ और फायरप्रूफ है। इसमें सुरक्षा वॉटरमार्क, हाई-रिजोल्यूशन प्रिजमैटिक पैटर्न, माइक्रो टेक्स्ट और विशेष सुरक्षा प्रिंटिंग दी गई है।
- अदृश्य लोगो: यूवी (UV) लाइट में दिखने वाला अदृश्य लोगो और फोटोकॉपी/जेरॉक्स करने पर सामने आने वाला सुरक्षा कोड इसे नकल से पूरी तरह सुरक्षित बनाता है। इन सुविधाओं के कारण छात्रों को इस पर अलग से लैमिनेशन कराने की आवश्यकता नहीं होगी।
ड्रेस कोड और सुरक्षा से जुड़े कड़े निर्देश
दीक्षांत समारोह की गरिमा बनाए रखने के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन ने सख्त गाइडलाइंस जारी की हैं:
निर्धारित पहनावा (Dress Code):
- छात्र: सफेद कुर्ता और पायजामा।
- छात्राएं: क्रीम या ऑफ-व्हाइट रंग की लाल/सुनहरे बॉर्डर वाली साड़ी, या सफेद/ऑफ-व्हाइट सलवार-सूट के साथ लाल दुपट्टा।
- प्रतिबंध: सभागार के भीतर काले रंग के वस्त्र या सामान पहनने व लाने पर पूरी तरह मनाही रहेगी।
- सुरक्षा निर्देश: सुरक्षा कारणों से मोबाइल फोन, बैग, छाता और किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट को सभागार के अंदर ले जाने की अनुमति नहीं होगी।
विश्वविद्यालय प्रशासन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। अनुशासनहीनता की स्थिति में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। यह दिन विद्यार्थियों की वर्षों की लगन और शोध को सम्मानित करने का एक ऐतिहासिक अवसर बनेगा।
