यात्रियों के लिए राहत भरी खबर: चक्रधरपुर मंडल से गुजरेगी खोरदा रोड-शकूरबस्ती स्पेशल ट्रेन, देखें टाइमिंग और स्टॉपेज
त्योहारों के मौसम में यात्रियों की सुविधा के लिए ईस्ट कोस्ट रेलवे ने खोरदा रोड से शकूरबस्ती के बीच एक ...और पढ़ें

ईस्ट कोस्ट रेलवे ने चक्रधरपुर रेल मंडल के रास्ते खोरदा रोड से दिल्ली के उपनगरीय शकूरबस्ती रेलवे स्टेशन के बीच स्पेशल ट्रेन चलाने की घोषणा की है।
HighLights
खोरदा रोड-शकूरबस्ती स्पेशल ट्रेन का परिचालन 16 अक्टूबर को।
चक्रधरपुर मंडल से होकर गुजरेगी, यात्रियों को मिलेगी सुविधा।
कुल 22 कोच, जिसमें जनरल, स्लीपर और एसी कोच शामिल।
जासं, चक्रधरपुर। त्योहारों के मौसम में रेलवे ने अतिरिक्त ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया है। इसी कड़ी में ईस्ट कोस्ट रेलवे ने चक्रधरपुर रेल मंडल के रास्ते खोरदा रोड से दिल्ली के उपनगरीय शकूरबस्ती रेलवे स्टेशन के बीच केवल एक फेरे के लिए स्पेशल ट्रेन चलाने की घोषणा की है।
यह ट्रेन यात्रियों के लिए आवागमन को सुगम बनाएगी। रेलवे से मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार, ट्रेन संख्या 08423 खोरदा रोड-शकूरबस्ती स्पेशल ट्रेन का परिचालन 16 अक्टूबर को किया जाएगा।
यह ट्रेन खोरदा रोड स्टेशन से दोपहर 12 बजे प्रस्थान कर विभिन्न स्टेशनों से होते हुए सफर तय करेगी। चक्रधरपुर रेल मंडल के अंतर्गत यह ट्रेन झारसुगुडा शाम 06:30 बजे, राउरकेला रात 08:02 बजे और चक्रधरपुर रात 09:35 बजे पहुंचेगी।
इसके बाद यह यात्रा पूरी करते हुए अगले दिन शाम 07:30 बजे दिल्ली और रात 08:15 बजे शकूरबस्ती रेलवे स्टेशन पहुंचेगी।
इस स्पेशल ट्रेन का ठहराव भुवनेश्वर, नराज मार्थापुर, ढेंकानाल, अंगुल, संबलपुर सिटी, रेंगाली, झारसुगुडा, राउरकेला, चक्रधरपुर, मुरी, बोकारो स्टील सिटी, चंद्रपुरा, गोमो, कोडरमा, गया, पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, प्रयागराज, कानपुर सेंट्रल, गाजियाबाद, दिल्ली और शकूरबस्ती स्टेशनों पर दिया गया है।
यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस ट्रेन में कुल 22 कोच लगाए गए हैं। इसमें 09 जनरल कोच, 01 जनरल चेयर कार कोच, 09 स्लीपर कोच और 01 एसी थ्री टीयर कोच शामिल हैं।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा से जुड़ी पूरी जानकारी और टिकट बुकिंग की स्थिति रेलवे काउंटर या ऑनलाइन माध्यम से जांच लें।
