झामुमो ने भाजपा भगाओ-झारखंड बचाओ का दिया नारा
जागरण संवाददाता, चाईबासा : झामुमो मंझारी प्रखंड कमेटी की ओर से मंझारी हाईस्कूल मैदान
जागरण संवाददाता, चाईबासा : झामुमो मंझारी प्रखंड कमेटी की ओर से मंझारी हाईस्कूल मैदान में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन सह प्रशिक्षण शिविर में आस-पास के गांवों से हजारों की भीड़ उमड़ी। सम्मेलन में उपस्थित हजारों कार्यकर्ताओं ने राज्य के तमाम आदिवासी, मूलवासी, अल्पसंख्यक, दलित एवं पिछड़े लोगों की एकता पर बल देते हुए झारखंड को भाजपामुक्त बनाने का संकल्प लिया। भूमि अधिग्रहण कानून का पूरजोर विरोध और मानकी मुंडा व्यवस्था की रक्षा का संकल्प लिया।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए विधायक दीपक बिरुवा ने जनविरोधी भाजपा सरकार के खिलाफ राज्य के तमाम मूलवासियों, आदिवासी मूलवासी, दलित, पिछड़े एवं अल्पसंख्यकों को एकजुट होने का आह्वान करते हुए कहा कि आदिवासी मूलवासी समेत राज्य के तमाम मूलवासियों को समूल नाश करने के लिए भाजपा ने भूमि अधिग्रहण कानून लाया है। मिशन 2019 का लक्ष्य निर्धारित किया है। समय रहते सचेत होना होगा। झारखंड से भाजपा को उखाड़ फेंकना होगा।
विधायक जोबा माझी ने कहा कि जल जंगल जमीन बचाने के लिए हमारे पूर्वजों ने कुर्बानी दी थी। शहादत दिया था। यह झारखंडियों की विरासत है। इसे किसी को लूटने नहीं देंगे। विधायक निरल पुरती ने कहा कि रघुवर सरकार की गलत नीतियों के कारण आज झारखंड में मूलवासी आदिवासी की स्थिति सबसे दयनीय है। विधायक दशरथ गागराई ने कहा कि आदिवासी एवं मूलवासियों के जल जंगल जमीन पर रघुवर दास की दृष्टि है। विधायक शशिभूषण सामड ने झारखंड के मूलवासियों के सर्वागीण विकास के लिए, भाजपा भगाओ झारखंड बचाओ का नारा दिया। सम्मेलन की अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष अर¨वद कुंकल ने किया। इस मौके में सुनील सिरका, राजकिशोर बोयपाई आदि उपस्थित थे।