विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पश्चिमी सिंहभूम में दिल दहला देने वाली वारदात: घर में सो रही महिला को डायन बताकर बेरहमी से मार डाला

Published: Sat, 24 Oct 2026 09:37 PM (IST)

पश्चिमी सिंहभूम के कोलजोमरो गांव में अंधविश्वास के चलते 46 वर्षीय महिला रेंदाई सुंबरुई की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर ...और पढ़ें

पश्चिमी सिंहभूम जिले में महिला पर डायन होने का आरोप मढ़ते हुए लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी।

पश्चिमी सिंहभूम जिले में महिला पर डायन होने का आरोप मढ़ते हुए लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी।

HighLights

  1. पश्चिमी सिंहभूम में अंधविश्वास के कारण महिला की हत्या।

  2. पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया, दो फरार।

जागरण संवाददाता, चक्रधरपुर । झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले से अंधविश्वास की घटना सामने आई है। जिले के कराईकेला थाना क्षेत्र स्थित कोलजोमरो गांव में बेकसूर महिला पर डायन होने का झूठा आरोप मढ़ते हुए उसकी लाठी-डंडों से पीट-पीटकर निर्मम हत्या कर दी। 
 
इस जघन्य वारदात के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और ग्रामीणों में गहरा आक्रोश व्याप्त है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोलजोमरो गांव की निवासी 46 वर्षीय रेंदाई सुंबरुई (पति- साधु चरण सुंबरुई) शुक्रवार की रात अपने घर में सो रही थी। 
 
इसी दौरान अंधविश्वास के जाल में फंसे चार आरोपी अचानक जबरन उनके घर में घुस आए। आरोपियों ने सोई हुई महिला पर लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ वार कर उसकी जान ले ली। 
 
हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। शनिवार की सुबह जब परिजनों की नींद खुली और उन्होंने रेंदाई सुंबरुई का खून से लथपथ शव देखा, तो उनके होश उड़ गए। 
 
परिजनों के चीखने-चिल्लाने पर आसपास के लोग जुटे और घटना की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दी गई। घटना की सूचना मिलते ही कराईकेला थाना प्रभारी प्यार हसन अपनी पुलिस टीम के साथ बिना देर किए घटनास्थल पर पहुंचे। 
 
पुलिस ने स्थिति का जायजा लेते हुए मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई शुरू की और अलग-अलग टीमों का गठन कर छापेमारी अभियान चलाया।
 
पुलिस की त्वरित मुस्तैदी के कारण इस सनसनीखेज हत्याकांड में शामिल दो आरोपियों को धर दबोचा गया है, जिनसे कड़ाई से पूछताछ की जा रही है। 
 
वहीं, वारदात में शामिल दो अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
 
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अंधविश्वास से जुड़े इस मामले की हर पहलू से बारीकी से जांच की जा रही है और फरार आरोपियों को भी जल्द से जल्द सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।