जल संग्रह अभियान में सभी की भागीदारी आवश्यक : नंदलाल
दिरीबुरु उत्क्रमित मिडिल स्कूल के प्रधान शिक्षक नंदलाल उरांव ने कहा कि राज्यभर में पिछले डेढ़ सौ दिनों से दैनिक जागरण जल संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक कर रहा है।
संवाद सूत्र, नोवामुंडी : दिरीबुरु उत्क्रमित मिडिल स्कूल के प्रधान शिक्षक नंदलाल उरांव ने कहा कि राज्यभर में पिछले डेढ़ सौ दिनों से दैनिक जागरण जल संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक कर रहा है। 22 मार्च को विश्व जल दिवस के मौके पर शुरू हुई यह मुहिम अनवरत जारी है। 'दैनिक जागरण की ओर से शुरुआत की गई 'कितना-कितना पानी' अभियान को काफी बल मिल रहा है। प्रधान शिक्षक नंदलाल उरांव ने गुरुवार को स्कूल स्तर पर गठित जागरण जल सेना को जल संग्रह अभियान से जोड़कर शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि हमें रेन वाटर हार्वेस्टिग की अहमियत समझनी होगी। अब राज्य सरकार ने भी बूंद-बूंद बचाने के लिए कमर कस ली है। दैनिक जागरण भी इस अभियान को हर स्तर तक पहुंचाने के लिए हजारों जागरण जल सेना का गठन कर चुकी है। जागरण जल सेना में स्कूली बच्चे भी शामिल हो रहे हैं। मानसून की बारिश हो रही है। वर्षा जल बचाने को हम सबको अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी है। घरों में रेन वाटर हार्वेस्टिग सिस्टम लगाएं, नदियों के किनारे पौधे लगाएं। यह अभियान तभी सफल होगा जब हम सभी अपनी भागीदारी सुनिश्चित करेंगे। झारखंड सरकार ने राज्य में जल संरक्षण व जल संचयन की कवायद तेज कर दी है। पंचायत स्तर तक चलने वाले इस अभियान के दौरान सरकार जल संचयन के तीन उपायों पर विशेष फोकस करेगी। बहकर बर्बाद हो रहे जल को रोकना, भूगर्भ जल स्तर को ऊंचा उठाना तथा वर्षा जल को जलाशयों तक पहुंचाना इसमें शामिल है। शपथ के दौरान स्कूली शिक्षक व जागरण जल सेना के सदस्य उपस्थित थे।