कोहरे के कारण रेलवे की बड़ी घोषणा: दिसंबर से फरवरी के बीच टाटानगर-अमृतसर समेत 4 लंबी दूरी की ट्रेनें रद, देखें पूरी सूची
भारतीय रेलवे ने आगामी शीतकालीन सत्र में घने कोहरे की आशंका के चलते दिसंबर 2026 से फरवरी 2027 तक चक्रधरपुर ...और पढ़ें

रेलवे ने रिजर्वेशन सिस्टम में पहले से ही ट्रेनों की रद होने की तिथि की फीड कर रखा है।
HighLights
दिसंबर 2026 से फरवरी 2027 तक रद्द रहेंगी ये ट्रेनें।
टाटानगर-अमृतसर समेत चार लंबी दूरी की ट्रेनें प्रभावित होंगी।
जासं, चक्रधरपुर। आगामी शीतकालीन सत्र में घने कोहरे (Dense fog) की आशंका को देखते हुए भारतीय रेलवे ने अभी से एहतियाती कदम उठाने शुरू कर दिए हैं।
दिसंबर, जनवरी और फरवरी महीनों में संभावित धुंध के कारण ट्रेनों के सुरक्षित परिचालन और समयबद्धता को बनाए रखने के लिए रेलवे ने चक्रधरपुर रेल मंडल से गुजरने वाली चार लंबी दूरी की एक्सप्रेस ट्रेनों को विभिन्न तिथियों में रद करने का निर्णय लिया है।
इस संबंध में दक्षिण पूर्व रेलवे के उप मुख्य परिचालन प्रबंधक (डिप्टी सीओएम) श्रीनिवास सामंत ने आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है।
रेलवे ने रिजर्वेशन सिस्टम (PRS) में रद की गई तिथियों को पहले ही अपडेट कर दिया है, ताकि यात्री दो से तीन महीने पहले अग्रिम बुकिंग न करा सकें और उन्हें अंतिम समय में असुविधा न हो।
रद रहने वाली ट्रेनों का विवरण
- 18103 टाटानगर - अमृतसर जलियांवाला बाग एक्सप्रेस: 02 दिसंबर 2026 से 24 फरवरी 2027 के बीच कुल 25 ट्रिप रद रहेगी।
- 18104 अमृतसर - टाटानगर जलियांवाला बाग एक्सप्रेस: 04 दिसंबर 2026 से 26 फरवरी 2027 के बीच कुल 25 ट्रिप रद रहेगी।
- 22857 सांतरागाछी - आनंद विहार टर्मिनल साप्ताहिक सुपरफास्ट एक्सप्रेस: 07 दिसंबर 2026 से 22 फरवरी 2027 तक कुल 12 ट्रिप रद रहेगी।
- 22858 आनंद विहार टर्मिनल - सांतरागाछी साप्ताहिक सुपरफास्ट एक्सप्रेस: 08 दिसंबर 2026 से 23 फरवरी 2027 तक कुल 12 ट्रिप रद रहेगी।
कोहरे के मौसम में यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए रेलवे हर साल विंटर शेड्यूल जारी करता है। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा की योजना बनाने से पहले रद्दीकरण की तिथियों की जांच अवश्य कर लें।
