विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यात्रीगण कृपया ध्यान दें! हटिया-दुर्ग स्पेशल ट्रेन 30 तक चलेगी, टाटानगर-चाईबासा मेमू 12 जनवरी तक रद

Published: Thu, 08 Jan 2026 12:30 AM (IST)

दक्षिण पूर्व रेलवे ने हटिया-दुर्ग द्विसाप्ताहिक स्पेशल ट्रेन की परिचालन अवधि 30 जनवरी 2026 तक बढ़ा दी है, जिससे लंबी ...और पढ़ें

फाइल फोटो।

फाइल फोटो।

HighLights

  1. हटिया-दुर्ग स्पेशल ट्रेन का परिचालन 2026 तक बढ़ाया गया।

  2. दैनिक यात्रियों को रद्द ट्रेनों से भारी परेशानी हो रही है।

जागरण संवाददाता, चक्रधरपुर। दक्षिण पूर्व रेलवे ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एक ओर जहां हटिया-दुर्ग-हटिया द्विसाप्ताहिक स्पेशल ट्रेन की परिचालन अवधि में विस्तार किया है, वहीं दूसरी ओर चक्रधरपुर रेल मंडल में चलने वाली कई मेमू ट्रेनों को रद कर दिया गया है। इससे लंबी दूरी के यात्रियों को राहत मिली है, जबकि दैनिक यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

रेलवे से मिली जानकारी के अनुसार, ट्रेन संख्या 08185/08186 हटिया-दुर्ग-हटिया द्विसाप्ताहिक स्पेशल ट्रेन की परिचालन अवधि को 30 जनवरी 2026 तक बढ़ा दिया गया है। इसके तहत ट्रेन संख्या 08185 हटिया-दुर्ग स्पेशल 8 से 29 जनवरी तक प्रत्येक मंगलवार और गुरुवार को हटिया से प्रस्थान करेगी। 
 
वहीं, ट्रेन संख्या 08186 दुर्ग-हटिया स्पेशल 9 से 30 जनवरी तक प्रत्येक बुधवार और शुक्रवार को दुर्ग से रवाना होगी। रेलवे ने स्पष्ट किया है कि इस ट्रेन की समय सारिणी, ठहराव और कोच संयोजन पूर्ववत रहेंगे। यह ट्रेन राउरकेला और झारसुगुडा स्टेशनों से होकर गुजरती है। 

मेमू ट्रेनों का परिचालन रद 

इधर, चक्रधरपुर रेल मंडल प्रशासन ने सुरक्षा कारणों से टाटानगर-चाईबासा-टाटानगर और टाटानगर-हटिया-टाटानगर मेमू ट्रेनों का परिचालन अस्थायी रूप से रद कर दिया है। रेलवे के अनुसार, हाथियों की लगातार आवाजाही, घना कोहरा और सेक्शन बंच की स्थिति को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।

रेलवे ने ट्रेन संख्या 68137 टाटानगर-चाईबासा मेमू का परिचालन 7 से 11 जनवरी तक रद किया है, जबकि ट्रेन संख्या 68138 चाईबासा-टाटानगर मेमू 8 से 12 जनवरी तक नहीं चलेगी। इसके अलावा, ट्रेन संख्या 68035/68036 टाटानगर-हटिया-टाटानगर मेमू का परिचालन 8 जनवरी से अगले आदेश तक रद कर दिया गया है। 
 
रेलवे ने बताया कि यह रेक माघ मेले के दौरान उपयोग में लाया जाना है, इसी कारण इस सेवा को अस्थायी रूप से बंद किया गया है। 

दैनिक यात्रियों पर असर 

मेमू ट्रेनों के रद होने से टाटानगर, चाईबासा और आसपास के क्षेत्रों से रोजाना यात्रा करने वाले यात्रियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। कार्यालय जाने वाले कर्मचारी, छात्र और छोटे व्यवसायी वैकल्पिक साधनों पर निर्भर होने को मजबूर हैं। 

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रेनों की स्थिति की जानकारी अवश्य ले लें। साथ ही यह भी भरोसा दिलाया गया है कि परिस्थितियां सामान्य होते ही मेमू सेवाओं को बहाल कर दिया जाएगा।