गुवा, संवाद सूत्र। झारखंड के पश्चिम सिंहभूम में गुवा थाने की पुलिस ने चोरी की एक वारदात का 24 घंटे के भीतर ही खुलासा कर दिया। पुलिस ने इस वारदात में शामिल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया साथ ही साथ उसके पास से चोरी के गहने भी बरामद कर लिए।
नौकरानी से मिली चोरी की सूचना
बताया गया कि गुवा थाना क्षेत्र के फुटबॉल मैदान स्थित सेलकर्मी किशोर सिंह 24 जनवरी को अपने रिश्तेदार की शादी में जमशेदपुर गए हुए थे। घर में ताला बंद कर रात में सोने के लिए अपनी नौकरानी शकुंतला देवी को चाबी दी गई थी परंतु नौकरानी शकुंतला देवी घर पर रात में नहीं सोई। 26 जनवरी को जब वह झाड़ू करने घर आई तो देखा कि घर का ताला टूटा पड़ा है। अंदर जाकर देखा तो आलमारी का लॉक टूटा हुआ है। तुरंत ही इसकी सूचना उन्हें फोन पर दी गई।
24 घंटे में पकड़ा गया चोर
जानकारी होते ही वे जमशेदपुर से गुवा के लिए रवाना हो गए। घर पहुंचने पर देखा कि करीब 6 लाख रुपए के सोने के जेवरात गायब थे। 26 जनवरी की शाम को गुवा थाने में घर में हुई चोरी की घटना को लेकर एफआइआर दर्ज कराई। गुवा थाना प्रभारी अनिल कुमार यादव ने अपनी टीम के साथ रात भर छापेमारी अभियान चलाया और 24 घंटे के अंदर शुक्रवार की सुबह चोर को पकड़ कर चोरी हुए सभी गहनों को बरामद कर लिया।
इसके साथ ही आरोपित के पास से ताला तोड़ने में इस्तेमाल औजार को भी जब्त कर लिया गया है। चोरी करने वाले युवक आकाश सांडिल उर्फ डोंडु सेवानगर गुवा का रहने वाला है। किरीबुरू इंस्पेक्टर वीरेंद्र एक्का के निर्देशन में शुक्रवार की शाम को चाईबासा जेल भेज दिया।