Indian Rail: भालूलता-जराईकेला के बीच दो हिस्सों में बंटी मालगाड़ी, हावड़ा-मुंबई मुख्य लाइन पर ट्रेनों का परिचालन प्रभावित
चक्रधरपुर रेल मंडल के भालूलता और जराईकेला स्टेशन के बीच एक मालगाड़ी के दो डिब्बे अलग हो गए, जिससे हावड़ा-मुंबई ...और पढ़ें

तकनीकी गड़बड़ी के कारण हावड़ा-मुंबई मुख्य रेल लाइन पर ट्रेनों का परिचालन कुछ समय के लिए बाधित हो गया।
HighLights
मालगाड़ी के दो डिब्बे इंजन से अलग हुए।
हावड़ा-मुंबई मुख्य रेल लाइन पर परिचालन बाधित।
तकनीकी खराबी की रेलवे द्वारा जांच जारी।
जासं, चक्रधरपुर। चक्रधरपुर रेल मंडल के अंतर्गत आने वाले भालूलता और जराईकेला रेलवे स्टेशन के बीच किलोमीटर पोल संख्या 387/4 के पास एक लॉन्ग हॉल मालगाड़ी के पीछे के दो डिब्बे अचानक ट्रेन से अलग हो गए।
इस तकनीकी गड़बड़ी के कारण हावड़ा-मुंबई मुख्य रेल लाइन पर ट्रेनों का परिचालन कुछ समय के लिए बाधित हो गया।
हालांकि, राहत की बात यह रही कि तीसरी रेल लाइन चालू रहने के कारण अन्य मालगाड़ियों और यात्री ट्रेनों की आवाजाही पर कोई खास प्रभाव नहीं पड़ा।
जानकारी के अनुसार, मालगाड़ी जब इस मार्ग से गुजर रही थी, तभी उसके पीछे के दो डिब्बे इंजन से जुड़े मुख्य हिस्से से अलग हो गए। बताया जा रहा है कि दोनों डिब्बों को आपस में जोड़ने वाला नकल (कपलिंग) खुलकर रेल पटरी पर गिर गया था।
स्थिति भांपते ही ट्रेन में मौजूद ट्रेन मैनेजर (गार्ड) ने सूझबूझ का परिचय देते हुए तत्काल इसकी जानकारी चालक को दी। इसके बाद चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए आपातकालीन ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोक लिया।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे संबंधित विभाग के तकनीकी अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे। स्थिति का जायजा लेने के बाद अलग हुए दोनों डिब्बों को सुरक्षित रूप से वापस जोड़कर बंडामुंडा रेल यार्ड भेज दिया गया, जबकि शेष मालगाड़ी को चक्रधरपुर की ओर रवाना किया गया।
फिलहाल मालगाड़ी के डिब्बे किस तकनीकी कारण से अलग हुए थे, इसका स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। रेलवे विभाग द्वारा इस पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।
