झरझरा के जंगलों में पुलिस व नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़
प.सिंहभूम में पुलिस व नक्सलियों के बीच हुए भीषण मुठभेड़ में एक जवान गाेली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया।
चक्रधरपुर, जेएनएन। प.सिंहभूम जिले के झरझरा क्षेत्र की पहाड़ियों में अहले सुबह पुलिस व नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हो गई। दोनों ओर से जाेरदार गोलीबारी के बीच एक जवान के सीने में गोली लगने के कारण वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल जवान को जंगल से मैदानी क्षेत्र तक उसके साथियों द्वारा पैदल ढोकर लाया गया। इसके बाद सुबह करीबन साढ़े आठ बजे हेलीकाप्टर द्वारा उसे रांची भेजा गया।
जानकारी के अनुसार सुबह से लेकर दोपहर ग्यारह बजे तक रूक-रूककर दोनों ओर से फायरिंग जारी है। मौके पर पुलिस अधीक्षक चंदन कुमार झा, सीआरपीएफ 60 वीं बटालियन के कमांडेंट प्रेमचंद गुप्ता, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सकलदेव राम स्वयं मोर्चा संभाले हुए हैं। इधर मुठभेड़ की सूचना के बाद से चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल अलर्ट मोड पर है। बताते चलें कि मुठभेड़ स्थल चक्रधरपुर से करीबन 22-24 किमी दूर झरझरा की पहाड़ियों का दुर्गम बीहड़ क्षेत्र है।