विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हावड़ा-मुंबई रेल मार्ग पर हाथियों का कब्जा: पटरियों पर डटा हाथियों का झुंड, गीतांजलि-सूरत एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनें फंसी

Published: Sun, 18 Oct 2026 08:03 PM (IST)

हावड़ा-मुंबई मुख्य रेल मार्ग पर बंडामुंडा के पास जंगली हाथियों के झुंड ने रेलवे ट्रैक पर डेरा डाल दिया, जिससे कई ट्रेनें घंटों फंसी रहीं और यात्रियों को परेशानी हुई।

बंडामुंडा के ए केबिन और डी केबिन के बीच रविवार अहले सुबह करीब दो बजे से ही लगभग दो दर्जन (24) जंगली हाथियों का झुंड पटरियों पर डटा रहा।

बंडामुंडा के ए केबिन और डी केबिन के बीच रविवार अहले सुबह करीब दो बजे से ही लगभग दो दर्जन (24) जंगली हाथियों का झुंड पटरियों पर डटा रहा।

HighLights

  1. बंडामुंडा के पास 24 हाथियों ने रेल ट्रैक रोका।

  2. हावड़ा-मुंबई मार्ग पर कई ट्रेनें घंटों फंसीं।

  3. वन विभाग, रेलवे हाथियों को हटाने में जुटे।

जागरण संवाददाता, चक्रधरपुर। दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर रेल मंडल अंतर्गत हावड़ा-मुंबई मुख्य रेल मार्ग पर बंडामुंडा रेलखंड के पास उस समय हड़कंप मच गया, जब जंगली हाथियों के एक बड़े झुंड ने रेलवे ट्रैक पर अपना डेरा डाल दिया। 
 
बंडामुंडा के ए केबिन और डी केबिन के बीच रविवार अहले सुबह करीब दो बजे से ही लगभग दो दर्जन (24) जंगली हाथियों का झुंड पटरियों पर डटा रहा। 
 
सुबह नौ बजे के बाद भी हाथी पटरियों पर इधर-उधर घूमते देखे गए, जिससे इस व्यस्ततम रेल मार्ग पर ट्रेनों की आवाजाही बुरी तरह प्रभावित हुई।
 
रेलवे ट्रैक पर हाथियों की मौजूदगी के चलते सुरक्षा कारणों से कई महत्वपूर्ण यात्री ट्रेनों को विभिन्न स्टेशनों पर घंटों रोक कर रखना पड़ा। इस वजह से राउरकेला से लेकर आसपास के स्टेशनों तक यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
 
हाथियों और यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए रेलवे प्रशासन ने बंडामुंडा से राउरकेला स्टेशनों के बीच कॉशन ऑर्डर जारी कर दिया है।
 
इसके तहत चालकों को ट्रेनों की गति अधिकतम 30 किलोमीटर प्रति घंटे रखकर सावधानीपूर्वक परिचालन का निर्देश दिया गया है।
 
रेलवे का ऑपरेटिंग विभाग और राउरकेला वन विभाग की संयुक्त टीम घटनास्थल पर लगातार मौजूद है। वन कर्मी हाथियों के झुंड को बिना नुकसान पहुंचाए सुरक्षित तरीके से जंगल की ओर खदेड़ने के प्रयास में जुटे हैं। 
 
हालांकि, हाथियों का झुंड पटरियों से हटने के मूड में नहीं दिख रहा, जिससे रेल परिचालन को पूर्णत: सामान्य करना चुनौती बना हुआ है।
 
गौरतलब है कि पिछले पांच महीनों से जंगली हाथियों का यह झुंड बार-बार इस रेल क्षेत्र में आ धमकता है। पटरियों पर हाथियों की लगातार आवाजाही से न केवल रेल यातायात बाधित हो रहा है, बल्कि ट्रेन हादसों की आशंका के चलते वन्यजीवों और यात्रियों की सुरक्षा पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
 

प्रभावित हुई मुख्य ट्रेनें:

  • ट्रेन संख्या 13425 मालदा टाउन - सूरत एक्सप्रेस: ए केबिन के पास सुबह 05:57 बजे से सुबह 10:00 बजे तक रोकी गई। 
  • ट्रेन संख्या 18005 हावड़ा - जगदलपुर समलेश्वरी एक्सप्रेस: भालुलता स्टेशन पर सुबह 06:20 से 07:18 बजे तक और बिसरा स्टेशन पर सुबह 07:20 से 07:50 बजे तक खड़ी रही। 
  • ट्रेन संख्या 13352 एलेप्पी - धनबाद एक्सप्रेस: राउरकेला स्टेशन पर तड़के 01:45 बजे से सुबह 08:34 बजे तक रुकी रही। 
  • ट्रेन संख्या 18403 भुवनेश्वर - धनबाद एक्सप्रेस: राउरकेला स्टेशन पर सुबह 06:20 से सुबह 08:34 बजे तक खड़ी रही। 
  • ट्रेन संख्या 20971 उदयपुर सिटी - शालिमार सुपरफास्ट एक्सप्रेस: कलुंगा स्टेशन पर सुबह 07:18 से 08:41 बजे तक फंसी रही। 
  • ट्रेन संख्या 12859 सीएसएमटी मुंबई - हावड़ा गीतांजलि एक्सप्रेस: राउरकेला स्टेशन पर सुबह 10:11 से 11:12 बजे तक रुकी। 
  • ट्रेन संख्या 12833 अहमदाबाद - हावड़ा एक्सप्रेस: राउरकेला स्टेशन पर सुबह 10:54 से 11:23 बजे तक प्रभावित रही।
 
फिलहाल वन विभाग और रेलवे प्रशासन की नजरें स्थिति पर बनी हुई हैं ताकि पटरियों को जल्द से जल्द सुरक्षित कराकर सामान्य यातायात बहाल किया जा सके।