जिला के 50 विद्यालय को आदर्श बनाने की योजना तैयार
पश्चिमी सिंहभूम जिले के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक माहौल में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध करवाने के लिए सरकारी विद्यालयों को आदर्श विद्यालय के रूप में चयन किया गया है।
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक माहौल में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध करवाने के लिए सरकारी विद्यालयों को आदर्श विद्यालय के रूप में चयन किया गया है। इस संबंध में जानकारी देते हुए उप विकास आयुक्त आदित्य रंजन ने कहा कि जिले में शिक्षा के गुणवत्तापूर्ण विकास के लिए चयनीत विद्यालय को आदर्श के रुप में विकासित करने का प्रयास किया जा रहा है। जिले में वर्तमान समय में 4 विद्यालयों- नगरपालिका बांग्ला मध्य विद्यालय, टाटा कॉलेज कॉलोनी मध्य विद्यालय, सिंहपोखरिया मध्य विद्यालय एवं असंतलिया मध्य विद्यालय को आदर्श विद्यालय के रूप में संचालित किया जा रहा है। इन विद्यालयों में विषयगत शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों को कंप्यूटर शिक्षा खेलकूद संगीत आदि का ज्ञान देने का भी कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन के द्वारा आने वाले समय में 50 अन्य विद्यालयों को भी आदर्श विद्यालय के रूप में उत्क्रमित करने की योजना बनाई गई है। इसके तहत प्रथम चरण में चाईबासा प्रखंड अंतर्गत उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय किरिगौट, श्रद्धानंद बालिका विद्यालय, उत्क्रमित उच्च विद्यालय नरसंडा, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय सदर चाईबासा, मांगीलाल रुंगटा प्लस टू उच्च विद्यालय चाईबासा, नोवामुंडी प्रखंड के प्राथमिक विद्यालय पोखारपी, मध्य विद्यालय बालजोरी, चक्रधरपुर प्रखंड के उच्च विद्यालय इटिहासा, मारवाड़ी हाई स्कूल, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय चक्रधरपुर, मनोहरपुर प्रखंड के उच्च विद्यालय रेगालबेरा, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय मनोहरपुर सहित कुल 17 विद्यालयों का चयन किया गया है। इन सभी विद्यालयों में आवश्यकता अनुसार शिक्षकों की संख्या, आईसीटी लैब, स्मार्ट क्लासेस, पुस्तकालय, प्रेरणादायक पंक्तियों के साथ दीवारों का रंग रोगन, खेल सामग्री के साथ खेल मैदान, भोजन शेड, पार्किंग शेड, किचन गार्डन आदि की सुविधा जिला प्रशासन के द्वारा दिया जाएगा।