कड़ी मेहनत ही मिलेगी सफलता : तरूण कुमार मिश्र
आत्मविश्वास के साथ कड़ी मेहनत ही सफलता का मार्ग प्रशस्त करती है। ये बातें स्थानीय टाटा डीएवी पब्लिक स्कूल नोवामुंडी में शनिवार को दशम बोर्ड के विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए वैदिक हवन यज्ञ सह आशीर्वचन समारोह में बच्चों को संबोधित करते हुए प्राचार्य तरूण कुमार मिश्र ने कही।
संवाद सूत्र, नोवामुंडी : आत्मविश्वास के साथ कड़ी मेहनत ही सफलता का मार्ग प्रशस्त करती है। ये बातें स्थानीय टाटा डीएवी पब्लिक स्कूल नोवामुंडी में शनिवार को दशम बोर्ड के विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए वैदिक हवन यज्ञ सह आशीर्वचन समारोह में बच्चों को संबोधित करते हुए प्राचार्य तरूण कुमार मिश्र ने कही। उन्होंने यह भी कहा कि आशीर्वाद हृदय से दिया जाता है। बच्चे कठिन परिश्रम के साथ अपनी परीक्षा की तैयारी में लग जाएं। समारोह के मुख्य अतिथि प्रेरणा महिला समिति की सचिव अनुराधा माली एवं सदस्या सीमा धल ने बच्चों को तिलक लगाकर तथा पुष्प अर्पित कर आशीर्वाद दिया। इसके पहले आचार्य सुरेश पंडा के नेतृत्व में बच्चों तथा अभिभावकों ने मंत्रोचारण के साथ हवन यज्ञ संपन्न किया। इस साल केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की परीक्षा आगामी दो मार्च से होने जा रही है। जिसमें द्वादश के 73 तथा दसवीं के 44 बच्चे शामिल हो रहे हैं। आज के समारोह का समापन शांतिपाठ एवं यज्ञ प्रार्थना से हुआ जिसका नेतृत्व संगीत शिक्षिका रश्मि भट्टाचार्य एवं अरबिंद ठाकुर ने किया। धन्यवाद ज्ञापन तथा मंच संचालन अरूण कुमार मिश्र ने किया।