तुरी सुंडी ने शिक्षक देवनंद पर लगाया जान से मारने की धमकी का आरोप
राजनीतिक कार्यकर्ता तुरी सुंडी ने झींकपानी प्रखंड के मध्य विद्यालय सूरजाबासा के शिक्षक देवनंद केसरी के खिलाफ पुलिस अधीक्षक से शिकायत की है।
जासं, चाईबासा : राजनीतिक कार्यकर्ता तुरी सुंडी ने झींकपानी प्रखंड के मध्य विद्यालय सूरजाबासा के शिक्षक देवनंद केसरी के खिलाफ पुलिस अधीक्षक से शिकायत की है। तुरी ने आरोप लगाया है कि उन्होंने शिक्षक देवानंद केसरी के खिलाफ अवैध रूप से जाति प्रमाण पत्र बनाकर नौकरी करने की शिकायत मुख्यमंत्री जनसंवाद केंद्र में की है। इस वजह से वो कई बार जान से मारने की धमकी दे चुका है। कहता है कि उसका पुत्र आपराधिक दिमाग का है। कभी भी हत्या करा देंगे। देवानंद पान-तांती समाज संगठन का अध्यक्ष भी है। उससे उसे जान-माल का खतरा है। तुरी ने पुलिस अधीक्षक से जान-माल की सुरक्षा के साथ-साथ अवैध जाति प्रमाण पत्र के आधार पर नौकरी करने वालों के विरुद्ध उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है। यहां बता दें कि शिक्षक देवानंद केसरी ने पिछले दिनों उपायुक्त के पास तुरी सुंडी के खिलाफ शिकायत करते हुए पैसे मांगने का आरोप लगाया था।