घर में सो रहे व्यक्ति की गर्दन काटकर हत्या, पत्नी की भी जान लेने की कोशिश
पश्चिमी सिंहभूम जिले के टोंटो थाना अंतर्गत दुरुला गांव के तोरपा टोली में बुधवार देर रात एक व्यक्ति की टांगी से वारकर हत्या कर दी गई। जानकारी के अनुसार लिपटा हेस्सा और उसकी पत्नी मानी हेस्सा बुधवार को अपने घर में मौजूद थे।
जागरण संवाददाता, चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के टोंटो थाना अंतर्गत दुरुला गांव के तोरपा टोली में बुधवार देर रात एक व्यक्ति की टांगी से वारकर हत्या कर दी गई। जानकारी के अनुसार लिपटा हेस्सा और उसकी पत्नी मानी हेस्सा बुधवार को अपने घर में मौजूद थे। इसी दौरान रात लगभग 11 बजे तीन अज्ञात लोग अचानक घर पहुंचे और सो रहे दंपती पर हमला कर दिया। लिपटा हेस्सा के गर्दन में टांगी से इतना भयानक प्रहार किया गया था कि घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। वहीं पत्नी मानी हेस्सा के सिर पर भी टांगी से वार किया गया। रातभर वह घायल अवस्था में अपने चार माह के बच्चे के साथ वहीं पड़ी रही। सुबह जब ग्रामीणों को इसकी जानकारी हुई तो पुलिस को खबर की गई। पुलिस ने तत्काल घटना स्थल पहुंचकर घायल महिला को सदर अस्पताल लाकर भर्ती कराया। इसके बाद जगन्नाथपुर डीएसपी प्रदीप उरांव, झींकपानी थाना पुलिस व टोंटो थाना की पुलिस ने दलबल के साथ घटना स्थल पहुंचकर शव को अपने कब्जे में कर लिया। डीएसपी प्रदीप उरांव ने कहा कि सूचना मिलते ही एंबुलेंस के सहारे घायल मानी हेस्सा को सदर अस्पताल पहुंचाकर भर्ती कराया गया। इसके बाद घटना स्थल से शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। घटना को अंजाम देने वाले अभी तक अज्ञात हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हमला किसने और क्यों किया इस बारे में अभी तक कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है।